अक्षय कुमार

Haiwaan Movie Teaser
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म 'हैवान' का टीज़र रिलीज, फर्स्ट लुक ने बढ़ाया फैंस का उत्साह

मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार और सैफ अली खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'हैवान' का पहला टीज़र रिलीज कर दिया गया है। निर्देशक प्रियदर्शन की इस फिल्म में दोनों सितारे लंबे समय बाद साथ नजर आने वाले हैं। टीज़र सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैंस ने इसे जबरदस्त प्रतिक्रिया दी है।   सस्पेंस और एक्शन से भरपूर दिखा टीज़र   करीब एक मिनट के टीज़र में सस्पेंस, दमदार एक्शन और थ्रिल की झलक देखने को मिली। अक्षय कुमार और सैफ अली खान का इंटेंस लुक दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी और बैकग्राउंड म्यूजिक ने भी लोगों का ध्यान खींचा है।   लंबे समय बाद साथ दिखे अक्षय और सैफ   अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट रही है। दोनों कलाकारों को एक साथ देखने के लिए फैंस काफी समय से इंतजार कर रहे थे। टीज़र रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जोड़ी की जमकर चर्चा हो रही है।   प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी फिल्म   फिल्म का निर्देशन मशहूर निर्देशक प्रियदर्शन कर रहे हैं। कॉमेडी और थ्रिलर फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले प्रियदर्शन इस बार एक अलग अंदाज में दर्शकों के सामने आ रहे हैं। फिल्म के निर्माण और कहानी को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।   जल्द जारी होगी रिलीज डेट   फिल्म के टीज़र के साथ मेकर्स ने जल्द ही ट्रेलर और रिलीज डेट की घोषणा करने के संकेत दिए हैं। अब दर्शकों की नजर फिल्म की अगली अपडेट पर टिकी हुई है।

abhishek singh जुलाई 16, 2026 0
Sunil Shetty Akshay Kumar
सुनील शेट्टी ने तोड़ी राइवलरी की अफवाह, बोले- अक्षय कुमार से कभी नहीं रही दुश्मनी

मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने लंबे समय से चली आ रही अक्षय कुमार के साथ राइवलरी की चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। उन्होंने साफ कहा कि फिल्मों में दोनों के बीच टकराव जरूर दिखाया गया, लेकिन असल जिंदगी में उनके रिश्ते हमेशा दोस्ती और सम्मान से भरे रहे हैं। दोनों कलाकार एक बार फिर आगामी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में साथ नजर आने वाले हैं।   'फिल्मों में टकराव, असल जिंदगी में दोस्ती' एक इंटरव्यू में सुनील शेट्टी ने कहा कि दर्शकों ने अक्सर उन्हें और अक्षय कुमार को फिल्मों में आमने-सामने देखा, लेकिन यह सिर्फ कहानी का हिस्सा था। उन्होंने बताया कि हिंदी फिल्मों में पहले नायकों के बीच टकराव दिखाया जाता है और बाद में दोस्ती के जरिए कहानी को आगे बढ़ाया जाता है। यही वजह है कि उनकी कई फिल्मों में भी ऐसा ही देखने को मिला।   सुनील ने कहा कि ‘मोहरा’, ‘धड़कन’ और ‘वक्त हमारा है’ जैसी फिल्मों में दोनों के किरदारों के बीच शुरुआत में मतभेद होते थे, लेकिन अंत में दोस्ती की जीत होती थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वास्तविक जीवन में उनके और अक्षय के बीच कभी किसी तरह की प्रतिद्वंद्विता नहीं रही।   'वेलकम टू द जंगल' में फिर दिखेगी मजेदार नोकझोंक सुनील शेट्टी ने बताया कि ‘वेलकम टू द जंगल’ में भी दोनों कलाकारों के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक और मजेदार टकराव देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि फिल्म में दोनों एक-दूसरे की टांग खींचते नजर आएंगे, जो दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगा।   अक्षय की मेहनत और फिटनेस की तारीफ इंटरव्यू के दौरान सुनील शेट्टी ने अक्षय कुमार की जमकर तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि वह अक्षय की मेहनत, अनुशासन, फिटनेस और अपने करियर को संभालने के तरीके का बेहद सम्मान करते हैं। साथ ही उन्होंने अक्षय की शानदार कॉमिक टाइमिंग को भी उनकी बड़ी ताकत बताया। वहीं, फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर अक्षय कुमार ने भी संकेत दिया कि यदि फ्रेंचाइजी का अगला भाग बनता है तो पुराने कलाकारों की वापसी संभव है। उन्होंने कहा कि ‘वेलकम’ एक परिवार की तरह है और भविष्य में सभी पुराने चेहरे फिर से एक साथ दिखाई दे सकते हैं।

abhishek singh जून 27, 2026 0
Welcome To The Jungle
'Welcome To The Jungle' की धमाकेदार ओपनिंग, पहले दिन ही ₹29 करोड़ के पार

मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म 'Welcome To The Jungle' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। रिलीज के पहले ही दिन फिल्म ने दुनियाभर में ₹29 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली है। फिल्म की दमदार ओपनिंग ने एक बार फिर साबित कर दिया कि 'Welcome' फ्रेंचाइज़ी का क्रेज दर्शकों में अब भी बरकरार है।   पहले दिन कैसा रहा बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन?   ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने भारत में लगभग ₹15 करोड़ (नेट) का कलेक्शन किया, जबकि वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन ₹29 करोड़ के पार पहुंच चूका  है। गुरुवार को हुए पेड प्रीव्यू शो की कमाई जोड़ने पर भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन और अधिक हो गया।   मल्टीस्टार कास्ट बनी बड़ी ताकत   फिल्म का निर्देशन अहमद खान ने किया है। इसमें अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पटानी, अरशद वारसी, जॉनी लीवर, राजपाल यादव समेत 30 से अधिक कलाकार नजर आ रहे हैं। बड़ी स्टारकास्ट और कॉमेडी का तड़का दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रहा है।   दर्शकों से मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया   फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं मिश्रित रही हैं। कई लोगों ने इसकी कॉमिक टाइमिंग और पुराने 'Welcome' वाले मनोरंजन की तारीफ की, जबकि कुछ दर्शकों ने कहानी को कमजोर बताया। इसके बावजूद फिल्म की शुरुआती कमाई मजबूत रही है।   वीकेंड पर बढ़ सकती है कमाई   ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि शनिवार और रविवार की छुट्टियों का फिल्म को फायदा मिल सकता है। यदि दर्शकों का सकारात्मक रुझान बना रहता है, तो शुरुआती वीकेंड में फिल्म का कलेक्शन काफी बढ़ सकता है।

anjali kumari जून 27, 2026 0
Akshay Kumar
कॉमेडी फिल्मों में अक्षय ने बनाए रिकॉर्ड, सबसे ज्यादा ₹100 करोड़ क्लब में फिल्में

जल्द वेलकम टू द जंगल में दिखेंगे मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार जल्द फिल्म वेलकम टू द जंगल में नजर आएंगे। फिल्म 26 जून को रिलीज होगी। अक्षय पिछले दो दशकों में कई कॉमेडी फिल्मों में नजर आए हैं।  कॉमेडी फिल्मों में उन्हें साल 2000 में रिलीज हुई हेरा फेरी से पहचान मिली। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उनके साथ सुनील शेट्टी और परेश रावल भी थे। हेराफेरी बनी कल्ट क्लासिक करीब 7.5 करोड़ रुपए के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 21 करोड़ रुपए का बिजनेस किया और बाद में कल्ट क्लासिक बनी। फिल्म के बाद अक्षय की इमेज एक्शन हीरो के साथ-साथ कॉमेडी एक्टर के रूप में भी स्थापित हुई। इसके बाद वह आवारा पागल दीवाना, मुझसे शादी करोगी, गरम मसाला और दीवाने हुए पागल जैसी कॉमेडी फिल्मों में नजर आए। गरम मसाला के लिए फिल्मफेयर अवार्ड मिला वहीं, फिल्म का बेस्ट एक्टर इन कॉमिक रोल अवॉर्ड मिला था। आज भी फिल्म के सीन के मीम सोशल मीडिया पर खूब बनाए जाते हैं। फिर वह फिर हेरा फेरी, भागम भाग, हे बेबी, वेलकम, भूल भुलैया, दे दना दन और खट्टा मीठा में नजर आए, जिनमें अक्षय की कॉमिक टाइमिंग और एक्टिंग लोगों को बहुत पसंद आई।   हाउसफुल सीरीज की सफलता 2010 में शुरू हुई हाउसफुल फ्रेंचाइजी ने भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया। इस सीरीज ने दुनियाभर में 1089 करोड़ रुपए से ज्यादा का बिजनेस किया। हाउसफुल (2010) ने दुनियाभर में 124 करोड़ रुपए, हाउसफुल 2 (2012) ने 186 करोड़ रुपए, हाउसफुल 3 (2016) ने 195 करोड़ रुपए और हाउसफुल 4 (2019) ने 296 करोड़ रुपए से ज्यादा कमाए। 2025 में रिलीज हाउसफुल 5 ने 288 करोड़ रुपए का कारोबार किया। अक्षय की 10 फिल्में 100 करोड़ क्लब में कॉमेडी फिल्मों में सबसे ज्यादा 100 करोड़ रुपए क्लब की फिल्में देने का रिकॉर्ड अक्षय कुमार के नाम है। उनकी 10 कॉमेडी फिल्में 100 करोड़ से ज्यादा कमाई कर चुकी हैं। इस सूची में दूसरे नंबर पर अजय देवगन हैं। उनकी 5 कॉमेडी फिल्में गोलमाल अगेन, टोटल धमाल, गोलमाल 3, बोल बच्चन और सन ऑफ सरदार ने दुनियाभर में 100 करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार किया है। स्त्री 2 में अक्षय कुमार का कैमियो था भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी कॉमेडी फिल्म 'स्त्री 2' में अक्षय कुमार बेहद मजेदार और महत्वपूर्ण कैमियो रोल में नजर आए थे। फिल्म ने दुनियाभर में करीब 857 करोड़ रुपए की कमाई की थी। भूत बंगला ने शानदार कमाई की अक्षय कुमार हाल ही में फिल्म भूत बंगला में नजर आए, जो बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट हुई। 17 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म का कुल बजट लगभग 120 करोड़ रुपए था। वहीं, फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 292.64 करोड़ रुपए रहा। 26 जून को रिलीज होगी 'वेलकम टू द जंगल'..... अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। अहमद खान के निर्देशन में बनी यह फिल्म 'वेलकम' फ्रेंचाइजी का तीसरा पार्ट है। इस एक्शन कॉमेडी ड्रामा फिल्म को फिरोज नाडियाडवाला और केप ऑफ गुड फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ एक बड़ी स्टार कास्ट नजर आएगी, जिसमें सुनील शेट्टी, परेश रावल, रवीना टंडन, अरशद वारसी, दिशा पाटनी और जैकलिन फर्नांडीज जैसे कई बड़े नाम शामिल हैं। गोलमाल 5 में नजर आएंगे वहीं, अक्षय कुमार 'गोलमाल 5' में भी नजर आएंगे और फिल्म में वे एक अलग अवतार में दिखने वाले हैं। मार्च 2026 में डायरेक्टर रोहित शेट्टी ने अपने जन्मदिन पर इस फिल्म की आधिकारिक घोषणा की थी। फिल्म में अक्षय मुख्य विलेन की भूमिका निभा रहे हैं। वह फिल्म में गंजे लुक में दिखाई देंगे।

abhishek singh जून 22, 2026 0
Welcome to the Jungle Trailer Release
'Welcome To The Jungle' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज, कॉमेडी का लगेगा फुल डोज

मुंबई, एजेंसियां। कॉमेडी और एक्शन से भरपूर 'वेलकम' फ्रेंचाइजी की नई फिल्म 'Welcome To The Jungle' का ट्रेलर 11 जून को रिलीज कर दिया गया। करीब 4 मिनट 10 सेकंड लंबे इस ट्रेलर ने रिलीज होते ही दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। ट्रेलर में कॉमेडी, एक्शन, रोमांस, ड्रामा और सस्पेंस का भरपूर मिश्रण देखने को मिलता है, जो इसे एक फैमिली एंटरटेनर बनाता है।   मुंबई के YRF स्टूडियो में होगा ट्रेलर लॉन्च फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के लिए मुंबई के YRF स्टूडियो में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां फिल्म की विशाल स्टारकास्ट ने भी जमकर मस्ती की। ट्रेलर की शुरुआत एक दिलचस्प लाइन से होती है  "इंडिया की पहली 2000 करोड़ की फेक फिल्म", जो दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा देती है।   कहानी में फिल्म निर्माण की दुनिया और उससे जुड़ी मजेदार परिस्थितियों को हास्यपूर्ण अंदाज में पेश किया गया है। परेश रावल ट्रेलर में टीम को समझाते नजर आते हैं कि उनकी फिल्म "आर्मी वाली" है, जिसके बाद हास्यास्पद घटनाओं की लंबी श्रृंखला शुरू होती है। ट्रेलर में कई ऐसे दृश्य हैं जो दर्शकों को लगातार हंसाने का वादा करते हैं।   अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी की जोड़ी अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी की जोड़ी भी लंबे समय बाद पुराने अंदाज में नजर आ रही है। दोनों कलाकारों की नोकझोंक दर्शकों को उनकी लोकप्रिय फिल्म 'हेरा फेरी' की याद दिला सकती है। ट्रेलर में कलाकारों की रियल लाइफ से जुड़े कुछ हल्के-फुल्के संदर्भ भी शामिल किए गए हैं, जो मनोरंजन को और बढ़ाते हैं।   फिल्म का निर्देशन अहमद खान ने किया है और यह 26 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, दिशा पटानी, जैकलीन फर्नांडिस, रवीना टंडन, लारा दत्ता, जैकी श्रॉफ, उर्वशी रौतेला, परेश रावल, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा और दलेर मेहंदी जैसे कई सितारे नजर आएंगे। विशाल स्टारकास्ट और दमदार कॉमेडी के कारण फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

abhishek singh जून 11, 2026 0
Akshay Kumar speaking about Hera Pheri 3 delay amid ongoing disputes in Bollywood project
‘हेरा फेरी 3’ पर लगा ब्रेक, अक्षय कुमार ने दिया बड़ा अपडेट–फिलहाल नहीं बन रही फिल्म, फैंस निराश

  मुंबई: बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी में से एक ‘हेरा फेरी’ के तीसरे पार्ट का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ा झटका सामने आया है। अभिनेता Akshay Kumar ने साफ कर दिया है कि ‘Hera Pheri 3’ फिलहाल नहीं बन रही है। यह बयान ऐसे समय आया है जब उनकी फिल्म Bhoot Bangla रिलीज हो चुकी है और फैंस उनसे लगातार इस बहुप्रतीक्षित फिल्म को लेकर सवाल कर रहे थे। क्या बोले अक्षय कुमार? एक इंटरव्यू के दौरान अक्षय कुमार ने कहा कि “दुर्भाग्यवश, ‘हेरा फेरी 3’ अभी नहीं बन रही है।” उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस खबर से उन्हें खुद भी झटका लगा था। अक्षय ने संकेत दिया कि फिल्म कई तरह की जटिलताओं में उलझी हुई है–हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि कुछ बातें वह सार्वजनिक तौर पर नहीं बता सकते। उनके मुताबिक, “ऐसा नहीं है कि हम तीनों साथ नहीं हैं। हम साथ हैं, लेकिन कई समझौते और मुद्दे हैं जो प्रोजेक्ट को आगे बढ़ने से रोक रहे हैं।” विवादों में फंसी रही फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ लंबे समय से विवादों में घिरी हुई है। खासकर Paresh Rawal के अचानक प्रोजेक्ट से अलग होने की खबर ने सभी को चौंका दिया था। इसके अलावा, फिल्म के कॉपीराइट को लेकर निर्माता Firoz Nadiadwala और एक साउथ फिल्म प्रोड्यूसर के बीच कानूनी विवाद भी सामने आया, जिससे प्रोजेक्ट और अटक गया। फेमस तिकड़ी का क्या होगा? फैंस लंबे समय से Suniel Shetty, अक्षय कुमार और परेश रावल की आइकॉनिक तिकड़ी को फिर से पर्दे पर देखने का इंतजार कर रहे हैं। 2000 में रिलीज हुई Hera Pheri और 2006 की Phir Hera Pheri ने बाबूराव, राजू और श्याम के किरदारों को अमर बना दिया था। “बुढ़ापा न आ जाए…” अक्षय कुमार ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि उम्मीद है फिल्म बनने में इतनी देरी न हो जाए कि “बुढ़ापा आ जाए।” उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि सही समय आने पर फिल्म जरूर बनेगी, लेकिन फिलहाल इसके लिए इंतजार करना पड़ेगा। फैंस को बड़ा झटका इस अपडेट के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की निराशा साफ दिखाई दे रही है। लंबे समय से इस फिल्म को लेकर जो उम्मीदें थीं, वे फिलहाल टूटती नजर आ रही हैं।  

surbhi अप्रैल 18, 2026 0
Popular post
शादी समारोह में जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम पर हमला नाकाम, हमलावर 20 साल से कर रहा था मौके का इंतज़ार

  जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री Farooq Abdullah पर जम्मू में एक शादी समारोह के दौरान हुए हमले ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना उस समय हुई जब वे एक कार्यक्रम से बाहर निकल रहे थे और भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने उनके बेहद करीब आकर पिस्तौल तान दी और गोली चलाने की कोशिश की। हालांकि सुरक्षाकर्मियों की त्वरित कार्रवाई से यह हमला नाकाम हो गया और वे बाल-बाल बच गए। यह घटना जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में आयोजित एक विवाह समारोह में हुई, जहां Farooq Abdullah जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री Surinder Choudhary के साथ पहुंचे थे।   कौन है हमलावर? पुलिस ने आरोपी की पहचान कमल सिंह जम्वाल (करीब 65 वर्ष) के रूप में की है, जो जम्मू के पुरानी मंडी इलाके का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से इस मौके का इंतज़ार कर रहा था। पुलिस के अनुसार कमल सिंह के पास एक लाइसेंसी पिस्तौल थी और घटना के समय वह कथित तौर पर नशे में भी था। सुरक्षाकर्मियों ने मौके से हथियार बरामद कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह हमला व्यक्तिगत रंजिश का नतीजा था या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश हो सकती है।   CCTV में कैद हुई पूरी घटना घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में दिखता है कि जैसे ही Farooq Abdullah समारोह से बाहर निकल रहे थे, आरोपी पीछे से तेजी से आया और उनकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी। उसने फायर करने की कोशिश की, लेकिन उसी क्षण सुरक्षा में तैनात कमांडो सक्रिय हो गए और उसका हाथ झटक दिया, जिससे गोली लक्ष्य से चूक गई। इसके तुरंत बाद सुरक्षाकर्मियों और मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। घटना के बाद का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।   सीएम उमर अब्दुल्ला ने उठाए सुरक्षा पर सवाल हमले के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री Omar Abdullah ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके पिता बाल-बाल बच गए। उन्होंने लिखा कि एक व्यक्ति भरी हुई पिस्तौल के साथ इतने करीब तक कैसे पहुंच गया, यह गंभीर सुरक्षा चूक का संकेत है। मुख्यमंत्री ने इस घटना की उच्च-स्तरीय जांच की मांग भी की है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में हुई संभावित खामियों का पता लगाया जा सके। घटना के समय उपमुख्यमंत्री Surinder Choudhary भी वहां मौजूद थे। इस दौरान उन्हें हल्की चोट आई, जिसके बाद मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।   पुलिस की जांच जारी जम्मू पुलिस के अनुसार हमला ग्रेटर कैलाश के रॉयल पार्क में आयोजित विवाह समारोह के दौरान हुआ। सुरक्षा दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पिस्तौल जब्त कर ली गई है और उसके पारिवारिक पृष्ठभूमि, संपर्कों और मानसिक स्थिति की भी जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कहीं इस घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं।  

हरीश राणा मामला: इच्छामृत्यु की अनुमति ने खड़े किए संवेदनशील सवाल, क्या सच में कोई अकेले मरता है?

भारत के कानूनी और सामाजिक विमर्श में एक ऐतिहासिक और भावनात्मक मोड़ तब आया, जब सुप्रीम कोर्ट ने हरीश राणा को निष्क्रिय इच्छामृत्यु (Passive Euthanasia) की अनुमति दे दी। यह फैसला न केवल न्यायिक दृष्टि से अहम है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और पारिवारिक पीड़ा को भी गहराई से छूता है। 13 साल का संघर्ष: जीवन और मृत्यु के बीच अटका एक अस्तित्व हरीश राणा पिछले 13 वर्षों से अचेत अवस्था में जीवन और मृत्यु के बीच झूल रहे थे। एक हादसे में चंडीगढ़ स्थित हॉस्टल की चौथी मंज़िल से गिरने के बाद उनका शरीर तो जीवित रहा, लेकिन वे किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया देने में असमर्थ हो गए। इन वर्षों में उनके माता-पिता ने निरंतर उनकी सेवा की, लेकिन बढ़ती उम्र और शारीरिक थकान ने उन्हें एक कठिन निर्णय के सामने ला खड़ा किया-अपने ही बेटे के लिए मृत्यु की अनुमति मांगना। अदालत का फैसला: ‘गरिमामय मृत्यु’ की दिशा में कदम सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में निष्क्रिय इच्छामृत्यु की अनुमति दी, जिसमें जीवन को कृत्रिम रूप से बनाए रखने वाले उपकरणों को हटाया जाता है, ताकि व्यक्ति स्वाभाविक रूप से मृत्यु की ओर बढ़ सके। यह निर्णय भारत में इच्छामृत्यु को लेकर एक महत्वपूर्ण मिसाल बन गया है। इससे पहले भी ऐसे मामले सामने आए थे, जैसे अरुणा शानबाग का मामला, लेकिन तब अदालत ने अनुमति नहीं दी थी। एक सवाल जो दिल को झकझोरता है यह मामला सिर्फ कानूनी नहीं, बल्कि गहरे मानवीय और भावनात्मक सवाल भी खड़े करता है- क्या हरीश राणा अकेले मरेंगे? असल में, किसी की मृत्यु कभी अकेली नहीं होती। हरीश के साथ उनके माता-पिता का एक हिस्सा भी खत्म होगा-खासतौर पर उनकी मां, जिन्होंने अपने बेटे की इच्छामृत्यु की अनुमति पर हस्ताक्षर किए। यह निर्णय केवल कागज पर हस्ताक्षर नहीं, बल्कि एक मां के भीतर की पीड़ा, त्याग और टूटन का प्रतीक है। समाज और परिवार पर उठते बड़े सवाल इस घटना ने समाज के बदलते स्वरूप पर भी सवाल खड़े किए हैं- क्या आधुनिक जीवनशैली और टूटते पारिवारिक ढांचे लोगों को ऐसे फैसले लेने के लिए मजबूर कर रहे हैं?   क्या ‘गरिमामय मृत्यु’ की मांग, ‘गरिमामय जीवन’ की कमी को दर्शाती है?   हरीश राणा और अरुणा शानबाग जैसे मामलों ने यह दिखाया है कि कई बार जीवन केवल शरीर से नहीं, बल्कि रिश्तों और देखभाल से भी चलता है। कानून बनने की जरूरत और संभावित खतरे सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को इच्छामृत्यु पर स्पष्ट कानून बनाने की भी सलाह दी है। हालांकि, इसके साथ एक चिंता भी जुड़ी है- कहीं इस कानून का दुरुपयोग तो नहीं होगा? विशेषज्ञों का मानना है कि बिना सख्त नियमों के, यह कानून कमजोर और बुजुर्ग लोगों के लिए खतरा बन सकता है। वहीं, कुछ परिवारों के लिए यह पीड़ा से मुक्ति का रास्ता भी साबित हो सकता है।  

लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर आज अमित शाह का भाषण, सदन में हंगामे के आसार

  नई दिल्ली: लोकसभा स्पीकर Om Birla को पद से हटाने के लिए लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर संसद में सियासी घमासान तेज हो गया है। इस मुद्दे पर जारी बहस के बीच बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah लोकसभा में सरकार का पक्ष रखेंगे। माना जा रहा है कि उनके संबोधन के दौरान सदन में तीखी बहस और हंगामे की स्थिति बन सकती है। यह प्रस्ताव कांग्रेस सांसद Mohammed Javed ने पेश किया है, जिसे विपक्ष के कई दलों का समर्थन मिला है। प्रस्ताव को 50 से अधिक सांसदों का समर्थन मिलने के बाद इसे चर्चा के लिए स्वीकार किया गया। मंगलवार को सदन की कार्यवाही की अध्यक्षता कर रहे Jagadambika Pal ने प्रस्ताव पर चर्चा की अनुमति दी और इसके लिए कुल 10 घंटे का समय निर्धारित किया। उन्होंने सांसदों से अपील की कि वे बहस के दौरान केवल प्रस्ताव से जुड़े मुद्दों पर ही अपनी बात रखें।   118 विपक्षी सांसदों का समर्थन स्पीकर को हटाने के प्रस्ताव पर कुल 118 विपक्षी सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं। विपक्ष का आरोप है कि Om Birla ने सदन की कार्यवाही के दौरान निष्पक्षता नहीं बरती और कई मौकों पर ‘पक्षपातपूर्ण व्यवहार’ किया। इसी आरोप के आधार पर यह प्रस्ताव लाया गया है। मंगलवार को बहस शुरू होते ही प्रक्रिया को लेकर भी विवाद देखने को मिला। एआईएमआईएम प्रमुख Asaduddin Owaisi और कांग्रेस सांसद K. C. Venugopal ने आपत्ति जताते हुए कहा कि इस तरह की बहस की अध्यक्षता के लिए सदन को किसी सदस्य का चुनाव करना चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अध्यक्षों के पैनल से किसे कार्यवाही की अध्यक्षता के लिए चुना गया, इसका निर्णय किस आधार पर लिया गया। हालांकि सत्तारूढ़ दल के नेताओं ने इन आपत्तियों को खारिज कर दिया। भाजपा सांसद Ravi Shankar Prasad और Nishikant Dubey ने विपक्ष के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि नियमों के तहत ही कार्यवाही चल रही है।   गौरव गोगोई ने शुरू की बहस बहस की शुरुआत कांग्रेस सांसद Gaurav Gogoi ने की। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव किसी व्यक्तिगत विरोध के कारण नहीं बल्कि संसद की गरिमा और निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से लाया गया है। उन्होंने कहा, “यह प्रस्ताव सदन की गरिमा की रक्षा की जिम्मेदारी के तहत लाया गया है, न कि व्यक्तिगत रूप से स्पीकर के खिलाफ।” गोगोई ने संसदीय कार्य मंत्री Kiren Rijiju पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे अक्सर विपक्षी सांसदों की बातों में बाधा डालते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में जब संसदीय रिकॉर्ड का अध्ययन होगा तो यह सामने आएगा कि विपक्ष की आवाज़ को सबसे अधिक बाधित किया गया।   रिजिजू ने राहुल गांधी पर साधा निशाना अपने जवाब में Kiren Rijiju ने कांग्रेस नेता Rahul Gandhi पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि कोई खुद को स्पीकर से ऊपर समझता है तो उसका “कोई इलाज नहीं है।” रिजिजू ने कहा कि संसद के नियम स्पष्ट हैं और सदन में बोलने के लिए स्पीकर की अनुमति जरूरी होती है, चाहे वह प्रधानमंत्री हो, मंत्री हो या विपक्ष का नेता।   प्रियंका गांधी का पलटवार इस टिप्पणी पर कांग्रेस नेता Priyanka Gandhi Vadra ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार को बेखौफ होकर घेरते हैं और यही बात सत्तारूढ़ दल को असहज करती है। प्रियंका गांधी ने कहा, “पिछले 12 वर्षों में इस देश में केवल एक व्यक्ति है जिसने इनके सामने झुकने से इनकार किया है और वह विपक्ष के नेता हैं। वे जो सच बोलते हैं, उसे ये लोग पचा नहीं पाते।” आज जब गृह मंत्री Amit Shah इस प्रस्ताव पर सदन में अपना पक्ष रखेंगे, तब बहस और अधिक तीखी होने की संभावना है। ऐसे में लोकसभा में राजनीतिक टकराव और हंगामे के आसार बने हुए हैं।  

यौन उत्पीड़न केस में शंकराचार्य को राहत, हाईकोर्ट ने दी अग्रिम जमानत

लखनऊ, एजेंसियां। यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों से घिरे Swami Avimukteshwaranand Saraswati को बड़ी कानूनी राहत मिली है। अलाहबाद हाई कोर्ट  ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका स्वीकार कर ली है, जिससे फिलहाल उनकी गिरफ्तारी पर रोक लग गई है। इसी मामले में उनके शिष्य Swami Mukundanand Giri को भी राहत दी गई है।   फैसला सुरक्षित रखने के बाद सुनाया गया आदेश इस मामले में अदालत ने पहले ही सभी पक्षों की दलीलें सुन ली थीं और 27 फरवरी को फैसला सुरक्षित रख लिया था। विस्तृत सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति जितेंद्र कुमार सिन्हा की एकल पीठ ने यह फैसला सुनाया। अदालत के इस निर्णय को आरोपियों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है, हालांकि केस की जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।   मीडिया बयान पर भी कोर्ट की रोक हाईकोर्ट ने इस मामले को संवेदनशील मानते हुए एक अहम निर्देश भी दिया है। अदालत ने शिकायतकर्ता और आरोपियों—दोनों पक्षों को मीडिया में बयान देने से रोक दिया है, ताकि जांच और न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित न हो।   क्या है पूरा मामला? यह मामला नाबालिगों के कथित यौन शोषण से जुड़ा है। आरोप है कि आश्रम से जुड़े कुछ बच्चों के साथ गलत व्यवहार किया गया। शिकायत के आधार पर विशेष POCSO अदालत ने पुलिस को मामला दर्ज करने का निर्देश दिया था। इसके बाद प्रयागराज के झूंसी थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।   जांच जारी, आगे भी होगी सुनवाई फिलहाल, अदालत से मिली अग्रिम जमानत के कारण गिरफ्तारी से राहत जरूर मिली है, लेकिन मामला खत्म नहीं हुआ है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां जांच में जुटी हैं और आने वाले समय में इस केस में और भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

इच्छामृत्यु के बाद Harish Rana को अंतिम विदाई, पिता की मार्मिक अपील- "रोना मत"

गाजियाबाद/दिल्ली, एजेंसियां। 13 साल से कोमा में रहे 31 वर्षीय हरीश राणा का पार्थिव शरीर बुधवार सुबह 8.30 बजे अंतिम संस्कार के लिए दिल्ली के ग्रीन पार्क श्मशान घाट लाया गया। पिता अशोक राणा ने बेटे को आखिरी बार प्रणाम किया और कहा, “कोई रोए न, बेटा शांति से जाए। उसे भगवान का आशीर्वाद मिले।” थोड़ी देर बाद हरीश का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें उनके भाई ने मुखाग्नि दी।   क्या है मामला? हरीश 2013 में हॉस्टल की चौथी मंजिल से गिरने के बाद क्वाड्रिप्लेजिया और गंभीर लकवे के कारण कोमा में चले गए थे। बीते 13 वर्षों में उनका जीवन केवल लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर निर्भर रहा। 11 मार्च को सुप्रीम कोर्ट ने पैसिव यूथेनेशिया यानी इच्छामृत्यु की अनुमति दी थी, जिससे हरीश की जिंदगी का अंत उनके परिवार की सहमति और मेडिकल बोर्डों की मंजूरी के तहत संभव हुआ।   कैसे हुई  मौत ? एम्स में हरीश को पैसिव यूथेनेशिया के तहत जीवनरक्षक उपकरण और फीडिंग ट्यूब से हटाया गया। परिवार ने हरीश के हार्ट वाल्व और कॉर्निया दान कर दिए। इस प्रक्रिया ने भारत में इच्छामृत्यु के कानूनी मान्यता प्राप्त पहले मामले का उदाहरण पेश किया।अंतिम संस्कार के दौरान माता निर्मला राणा और पिता अशोक राणा भावुक नजर आए। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और ब्रह्मकुमारी लवली समेत अन्य लोग मौजूद रहे। घाट पर हरीश का पार्थिव शरीर फूलों और उपलों से सजाया गया। पिता ने अंतिम संस्कार के समय सबको संयम रखने और शांति बनाए रखने की अपील की।   सुप्रीम कोर्ट ने क्या  कहा ? सुप्रीम कोर्ट ने 2018 में इच्छामृत्यु के लिए नियम बनाए थे। इसके तहत या तो मरीज ने लिविंग विल लिखी हो या परिवार/करीबी निर्णय लें। पैसिव यूथेनेशिया में इलाज या लाइफ सपोर्ट रोक दिया जाता है, जबकि एक्टिव यूथेनेशिया भारत में गैरकानूनी है। हरीश राणा का यह मामला न केवल परिवार के साहस का प्रतीक है, बल्कि देश में इच्छामृत्यु के संवैधानिक अधिकार को भी सामने लाता है।

Top week

Explosion reported in Iran after US airstrikes near Bandar Abbas
दुनिया

ईरान पर फिर बरसे अमेरिकी बम, बंदर अब्बास समेत कई शहरों में धमाके; मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव

kalpana जुलाई 21, 2026 0