Jharkhand

Jharkhand Heavy Rain
झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट, 24-25 जुलाई तक कई जिलों में मानसून रहेगा सक्रिय

रांची। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम केंद्र, रांची ने 23 से 25 जुलाई तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।   23 जुलाई को लातेहार और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां और कोडरमा समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।   मौसम विभाग के अनुसार, 24 जुलाई को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसून का असर बना रहेगा। उत्तर-पूर्वी जिलों देवघर, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं 25 जुलाई को लातेहार, चतरा और मध्य झारखंड से सटे उत्तर-पश्चिमी इलाकों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।   बारिश के आंकड़ों की बात करें तो 1 जून से 22 जुलाई 2026 के बीच झारखंड में 299.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षापात 414.9 मिलीमीटर होना चाहिए था। यानी राज्य में अब तक 28 प्रतिशत कम बारिश हुई है। सबसे कम वर्षा गढ़वा, चतरा, पाकुड़, देवघर, कोडरमा और गोड्डा जैसे जिलों में दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की आगामी सक्रियता से वर्षा की कमी कुछ हद तक पूरी होने की उम्मीद है, हालांकि किसानों और आम लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।

abhishek singh जुलाई 23, 2026 0
Maduakhad Primary School
लातेहार में 5 दिनों से बंद पड़ा प्राथमिक विद्यालय, बच्चों की पढ़ाई और मिड-डे मील योजना ठप

लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले के सदर प्रखंड स्थित मदुआखाड़ प्राथमिक विद्यालय पिछले पांच दिनों से बंद होने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में पदस्थापित एकमात्र सहायक शिक्षक लगातार अनुपस्थित हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो गई है। स्कूल बंद रहने के कारण मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) योजना भी ठप पड़ी है।   ग्रामीणों ने लगाया शिक्षक की लापरवाही का आरोप   ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई होती है, लेकिन नियुक्त शिक्षक नियमित रूप से स्कूल नहीं आते। उनका कहना है कि पिछले पांच दिनों से स्कूल में ताला लगा है, जिससे बच्चों को शिक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।   निरीक्षण में खुली स्कूल बंद रहने की पोल   ग्रामीणों की शिकायत पर जिला परिषद सदस्य विनोद उरांव विद्यालय पहुंचे, जहां स्कूल में ताला लटका मिला और बच्चे बाहर खेलते हुए दिखाई दिए। विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष और रसोइया ने भी पुष्टि की कि शिक्षक कई दिनों से स्कूल नहीं पहुंचे हैं, जिसके कारण मिड-डे मील का संचालन भी बंद है।   शिक्षक ने बताई नदी में पानी भरने की वजह   आरोपों पर सफाई देते हुए शिक्षक भोलानाथ सिंह ने कहा कि नदी में पानी बढ़ जाने के कारण वह विद्यालय नहीं पहुंच सके। हालांकि, ग्रामीणों का दावा है कि शिक्षक कई दिनों से नियमित रूप से अनुपस्थित हैं और अक्सर अलग-अलग कारण बताते रहे हैं।   जिला शिक्षा अधीक्षक ने दिए जांच के निर्देश   जिला शिक्षा अधीक्षक ऋषिकेश कुमार ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने शिक्षक की उपस्थिति की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

abhishek singh जुलाई 22, 2026 0
AK Rai
एके राय की सातवीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, जननेता को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

धनबाद। झारखंड के जननेता, पूर्व सांसद और पूर्व विधायक स्वर्गीय एके राय की सातवीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को धनबाद में भावुक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। नूतनडीह मोड़ स्थित केंद्रीय अस्पताल परिसर के समीप स्थापित उनकी प्रतिमा पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मजदूर संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में आम लोगों ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को नमन किया और उनके अधूरे सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।   निरसा विधायक अरूप चटर्जी, टुंडी विधायक मथुरा महतो और अन्य शामिल थे  कार्यक्रम में निरसा विधायक अरूप चटर्जी, टुंडी विधायक मथुरा महतो, कांग्रेस नेता वैभव सिन्हा, एके राय स्मारक समिति के अध्यक्ष हरिप्रसाद पप्पू सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि एके राय केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि जनसंघर्ष, सादगी और सिद्धांतों की जीवंत मिसाल थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन मजदूरों, किसानों, आदिवासियों और समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई में समर्पित कर दिया।   अरूप चटर्जी ने क्या कहा  सभा को संबोधित करते हुए अरूप चटर्जी ने कहा कि नई पीढ़ी को एके राय के संघर्ष, ईमानदारी और जनसेवा से प्रेरणा लेनी चाहिए। वहीं, मथुरा महतो ने कहा कि यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि उनके आदर्शों और मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य सत्ता नहीं, बल्कि समाज की सेवा होना चाहिए।   सरकारी सुविधाओं, पेंशन, बंगले  वक्ताओं ने एके राय के सादगीपूर्ण जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि सांसद और विधायक रहने के बावजूद उन्होंने सरकारी सुविधाओं, पेंशन, बंगले और सुरक्षा का लाभ नहीं लिया। वे जीवनभर आम लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्षरत रहे।   श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने कहा कि एके राय की विचारधारा आज भी झारखंड की सामाजिक और राजनीतिक चेतना में जीवंत है। सामाजिक न्याय, श्रमिक अधिकार और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

abhishek singh जुलाई 21, 2026 0
Jharkhand Heavy Rain
झारखंड में अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी

रांची। झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार, कई जिलों में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।   कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है 20 जुलाई को हजारीबाग, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, चतरा और लातेहार जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। वहीं, 21 जुलाई को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार में भी भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा 22 से 25 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।   वज्रपात और हादसों में पांच की मौत इधर, रविवार को वज्रपात और अन्य हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। सरायकेला के नुवागोड़ा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से रोशनी सुरीन और सोनू सरदार (32) की जान चली गई। चंपुआ थाना क्षेत्र के विष्णुपुर गांव में किसान मोहन चरण गिरि (55) की भी वज्रपात से मौत हो गई। गोमिया के तेनुघाट डैम में मछली पकड़ने गए संतोष केवट उर्फ डमडम केवट (34) की डूबने से मौत हो गई, जबकि गुमला जिले के सिसई में जयंती देवी (56) की जान ठनका गिरने से चली गई।   24 घंटे में कई स्थानों पर हुई बारिश पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। धनबाद के राजदह में सर्वाधिक 76.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा हेंदेगिर (67.2 मिमी), नवाडीह (67 मिमी), जगन्नाथपुर (65 मिमी), पुटकी (57.2 मिमी) और राजधनवार (48.8 मिमी) में भी उल्लेखनीय बारिश हुई। राजधानी रांची में करीब दो घंटे तक हुई लगातार बारिश से कांके रोड, रातू रोड और बरियातू सहित कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई, जबकि मेन रोड, धुर्वा और डोरंडा में हल्की बारिश दर्ज की गई।

abhishek singh जुलाई 20, 2026 0
Jamtara
जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक दिन में 9 साइबर अपराधी गिरफ्तार

जामताड़ा। झारखंड के जामताड़ा में पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दो अलग-अलग छापेमारी अभियानों के दौरान की गई। आरोपियों के कब्जे से 27 मोबाइल फोन और 39 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी फर्जी कस्टमर केयर नंबर, कैशबैक ऑफर और बैंक अधिकारी बनकर लोगों से एटीएम, सीवीवी और ओटीपी की जानकारी हासिल कर देशभर के लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाते थे।   जानकारी के मुताबिक जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शंभू कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली कि जिले के सियाटांड़ और मठटांड़ क्षेत्र के जंगल में कुछ साइबर अपराधी सक्रिय हैं। सूचना मिलते ही एसपी ने एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी के निर्देश दिए। पुलिस जब जंगल में पहुंची तो अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई और वे भागने लगे, लेकिन पहले से घेराबंदी कर चुकी टीम ने पीछा कर पांच आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।   पहली कार्रवाई के बाद मिली दूसरी सूचना, चार और आरोपी दबोचे पहले चरण की कार्रवाई के बाद पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को लेकर लौट रही थी, तभी एसपी को एक और गुप्त सूचना मिली। इसके बाद छापेमारी दल तुरंत जामताड़ा थाना क्षेत्र के पोसोई मार्ग पहुंचा, जहां चार अन्य संदिग्ध साइबर अपराधी सक्रिय मिले। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकार एक ही दिन में कुल नौ साइबर अपराधियों को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली।   इस पूरे अभियान का नेतृत्व उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित ने किया। एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो के खिलाफ पहले से साइबर अपराध के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क, सहयोगियों और ठगी से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है। इस अभियान में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, निरीक्षक नितिश कुमार, अवर निरीक्षक बिनोद सिंह समेत पुलिस बल के अन्य जवान शामिल रहे।

abhishek singh जुलाई 18, 2026 0
Film and Television Institute
झारखंड में खुलेगा फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, एक्टिंग से फिल्म मेकिंग तक मिलेंगे प्रोफेशनल कोर्स

रांची। झारखंड में फिल्म और टेलीविजन के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार रांची में पुणे और कोलकाता के प्रतिष्ठित फिल्म संस्थानों की तर्ज पर फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट स्थापित करने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरएफटीआई) के बीच 22 जुलाई को समझौता (एमओयू) होगा। प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। संस्थान के लिए रांची स्थित सूचना भवन में आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराया जाएगा।   इस संस्थान में फिल्म, टेलीविजन और ओटीटी प्लेटफॉर्म की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए फिल्म मेकिंग, स्क्रीन एक्टिंग, कंटेंट राइटिंग, स्क्रीन राइटिंग, डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माण और एनिमेशन जैसे प्रोफेशनल कोर्स संचालित किए जाएंगे। इसके अलावा दो वर्षीय पोस्ट ग्रेजुएट (एमएफए) कार्यक्रम भी शुरू किया जाएगा। पहले सेमेस्टर में सभी विद्यार्थियों को फिल्म निर्माण की बुनियादी शिक्षा दी जाएगी, जबकि अंतिम सेमेस्टर में उन्हें डिग्री फिल्म और प्रोडक्शन प्रोजेक्ट पर काम करने का अवसर मिलेगा।   व्यावहारिक प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीक पर रहेगा जोर संस्थान में छात्रों को केवल सैद्धांतिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्क्रीन एक्टिंग कोर्स के तहत कैमरे के सामने अभिनय, वॉयस और स्पीच ट्रेनिंग, चरित्र निर्माण, सीन एनालिसिस, थिएटर प्रशिक्षण, ऑडिशन तकनीक और मल्टी-कैमरा शूटिंग की जानकारी दी जाएगी। साथ ही विद्यार्थियों को इंडस्ट्री प्रोजेक्ट्स में भाग लेने का अवसर भी मिलेगा।   अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस संस्थान में सिने कैमरा, प्रोफेशनल लेंस, स्टूडियो, शूटिंग उपकरण, एडिटिंग लैब, साउंड रिकॉर्डिंग स्टूडियो, डिजिटल ऑडियो वर्कस्टेशन, हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटर, कलर करेक्शन सुविधा, इंडस्ट्री स्टैंडर्ड सॉफ्टवेयर, स्क्रीनिंग थिएटर, प्रोफेशनल माइक्रोफोन और आधुनिक लाइटिंग सिस्टम उपलब्ध होंगे। अनुभवी फिल्म विशेषज्ञों और अतिथि फैकल्टी द्वारा नियमित वर्कशॉप, मास्टर क्लास और लाइव प्रोजेक्ट्स के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाएगा। यह पहल झारखंड के युवाओं को राज्य में ही गुणवत्तापूर्ण फिल्म शिक्षा और राष्ट्रीय स्तर पर करियर के नए अवसर प्रदान करेगी।

abhishek singh जुलाई 18, 2026 0
Ajay Mahto
अजय महतो की गिरफ्तारी के बाद पत्नी बबीता संथाली ने किया सरेंडर, नक्सल संगठन को दो दिन में दूसरा बड़ा झटका

गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। 25 लाख रुपये के इनामी नक्सली और स्पेशल एरिया कमिटी (SAC) सदस्य अजय महतो उर्फ टाइगर की गिरफ्तारी के बाद उसकी पत्नी बबीता संथाली ने भी पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। गिरिडीह पुलिस ने बबीता के सरेंडर की पुष्टि करते हुए इसे माओवादी संगठन के लिए बड़ा झटका बताया है।   जानकारी के अनुसार जानकारी के अनुसार, अजय महतो को गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसकी निशानदेही पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही है, ताकि संगठन के अन्य सदस्यों और हथियारों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। इसी कार्रवाई के बीच बबीता संथाली ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने का फैसला लिया।   पुलिस के मुताबिक पुलिस के मुताबिक, बबीता संथाली माओवादी संगठन में लंबे समय तक सक्रिय रही है और एरिया कमांडर के पद पर भी कार्य कर चुकी है। वह कई वर्षों तक अजय महतो के दस्ते का हिस्सा रही और विभिन्न नक्सली घटनाओं में उसकी भूमिका सामने आई है। उसके खिलाफ झारखंड के कई जिलों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। बबीता मूल रूप से बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड स्थित लुगु जलगा ढोढ़ी गांव की निवासी है। अजय महतो झारखंड के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव का रहने वाला है और उसे क्षेत्र के सबसे खतरनाक नक्सली कमांडरों में गिना जाता रहा है। पारसनाथ, सारंडा, बिहार, ओडिशा और छत्तीसगढ़ सहित कई इलाकों में नक्सली गतिविधियों और पुलिस मुठभेड़ों में उसका नाम सामने आ चुका है। उसके खिलाफ हत्या, उग्रवादी गतिविधियों और अन्य गंभीर मामलों में कई राज्यों में मुकदमे दर्ज हैं।   बबीता संथाली का आत्मसमर्पण और अजय महतो की गिरफ्तारी को सुरक्षा एजेंसियां नक्सल विरोधी अभियान की महत्वपूर्ण सफलता मान रही हैं। हालांकि, पुलिस ने अजय महतो की गिरफ्तारी और उससे जुड़ी जांच के संबंध में फिलहाल विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

abhishek singh जुलाई 18, 2026 0
Jharkhand Heavy Rain
झारखंड में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

रांची। झारखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में अगले तीन दिनों तक मौसम के तेवर बदले रहेंगे। रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।   रांची सहित कई जिलों में भारी बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर शुरू हो गया है। रांची, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला और खूंटी में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा बोकारो, धनबाद, कोडरमा, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।   18 और 19 जुलाई को भी जारी रहेगा बारिश का दौर शनिवार और रविवार को भी मानसून सक्रिय रहेगा। 18 जुलाई को रांची, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला, पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा और खूंटी में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 19 जुलाई को दक्षिण-पश्चिमी और मध्य झारखंड के इलाकों, विशेषकर रांची, गुमला, खूंटी, लोहरदगा और लातेहार में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की आशंका बनी रहेगी।   अब तक सामान्य से 40 प्रतिशत कम हुई बारिश मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 17 जुलाई तक झारखंड में औसतन 216.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि सामान्य वर्षा 359.8 मिमी होनी चाहिए थी। यानी राज्य में अब तक करीब 40 प्रतिशत कम बारिश हुई है। वहीं पिछले 24 घंटे में बोकारो सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

abhishek singh जुलाई 18, 2026 0
Jharkhand Weather
झारखंड में फिर सक्रिय हुआ मानसून, तीन दिन भारी बारिश के आसार

रांची। झारखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 17 जुलाई से राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। अगले तीन दिनों तक कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।   आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट शुक्रवार को पूरे राज्य में बादल छाए रहने और अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। वहीं रांची, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला और खूंटी में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा रांची, बोकारो, धनबाद, कोडरमा, पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज सहित कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की भी आशंका है।   18 और 19 जुलाई को भी बना रहेगा बारिश का दौर मौसम विभाग के अनुसार, 18 जुलाई को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। हजारीबाग, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला, पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा और खूंटी में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। वहीं 19 जुलाई को दक्षिण-पश्चिमी और मध्य झारखंड के इलाकों, विशेषकर रांची, गुमला, खूंटी, लोहरदगा और लातेहार में भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।   अब भी सामान्य से 40 प्रतिशत कम बारिश बीते 24 घंटे में बोकारो राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं लातेहार में न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम केंद्र के अनुसार, 1 जून से 17 जुलाई तक झारखंड में औसतन 216.8 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जबकि सामान्य वर्षा 359.8 मिलीमीटर होनी चाहिए थी। यानी राज्य में अब तक करीब 40 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि अगले तीन दिनों में होने वाली बारिश से वर्षा की कमी कुछ हद तक कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।

abhishek singh जुलाई 17, 2026 0
Jharkhand Weather
झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट, रांची समेत 10 जिलों के लिए येलो चेतावनी जारी

रांची। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर अब झारखंड में साफ दिखाई देने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई जिलों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से 18 जुलाई के लिए रांची सहित 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।   इन जिलों में भारी बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार 17 जुलाई को खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश और वज्रपात की आशंका है। वहीं 18 जुलाई को रांची, लातेहार, चतरा, गुमला, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और लोहरदगा में तेज बारिश के साथ वज्रपात हो सकता है। विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।   वज्रपात से दो लोगों की मौत गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 42 मिमी वर्षा सिमडेगा में रिकॉर्ड की गई, जबकि मेदिनीनगर, जमशेदपुर, रामगढ़ और लोहरदगा में भी बारिश हुई। इसी दौरान लातेहार जिले में वज्रपात की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई, जिससे मौसम विभाग की चेतावनी की गंभीरता और बढ़ गई है।   20 जुलाई तक मौसम रहेगा सक्रिय मौसम विज्ञान केंद्र का अनुमान है कि 20 जुलाई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहेंगे तथा गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ रुक-रुककर बारिश होती रहेगी। गुरुवार को रांची का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।   हालांकि मानसून सक्रिय होने के बावजूद झारखंड में अब तक सामान्य से कम वर्षा हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 16 जुलाई तक राज्य में सामान्य 348.9 मिमी वर्षा के मुकाबले केवल 207.1 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 41 प्रतिशत कम है। ऐसे में आगामी दिनों की बारिश कृषि और जल संसाधनों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

abhishek singh जुलाई 17, 2026 0
Shibu Soren
दिशोम गुरु शिबू सोरेन को समर्पित होगा विश्व आदिवासी दिवस, ड्रोन शो और एआई होंगे आकर्षण

रांची। झारखंड में इस वर्ष विश्व आदिवासी दिवस केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आदिवासी परंपरा, विरासत और आधुनिक तकनीक के अनूठे संगम के रूप में मनाया जाएगा। राज्य सरकार आठ और नौ अगस्त को रांची में दो दिवसीय झारखंड आदिवासी महोत्सव आयोजित करेगी, जिसे दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति को समर्पित किया जाएगा। पिछले वर्ष उनके निधन के कारण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था, इसलिए इस बार आयोजन को विशेष रूप दिया जा रहा है।   रांची से दिल्ली तक होंगे आयोजन महोत्सव के तहत रांची के मोरहाबादी मैदान से बिरसा चौक तक भव्य आदिवासी जतरा निकाली जाएगी। इसके अलावा राज्य के सभी जिला मुख्यालयों और राजधानी दिल्ली में भी विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है। देशभर से पांच हजार से अधिक आदिवासी कलाकार, लोक कलाकार और सांस्कृतिक दल इस आयोजन में भाग लेंगे।   तकनीक के साथ संस्कृति की नई पहचान इस बार महोत्सव में आधुनिक तकनीक को प्रमुख स्थान दिया गया है। ड्रोन लाइट शो, एआई आधारित 3-डी चैटबॉट, एआर-वीआर अनुभव, डिजिटल टनल, इमर्सिव एक्सपीरियंस सेंटर, काइनेटिक एलईडी वीडियो वॉल और इंटरएक्टिव डिजिटल इंस्टॉलेशन आकर्षण का केंद्र होंगे। शिबू सोरेन के जीवन और योगदान पर विशेष डिजिटल ट्रिब्यूट भी प्रस्तुत किया जाएगा।   हाट-बाजार और फिल्म फेस्टिवल भी होंगे खास महोत्सव परिसर में आदिवासी हाट-बाजार के तहत 100 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद, वन उपज, स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद और पारंपरिक झारखंडी व्यंजन उपलब्ध होंगे। शिल्पकारों द्वारा लाइव क्राफ्ट प्रदर्शन भी किया जाएगा। पहली बार ट्राइबल फिल्म फेस्टिवल और ट्राइबल फैशन शो का आयोजन होगा, जिससे आदिवासी संस्कृति, पहनावा और जीवन शैली को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। राज्य सरकार का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से झारखंड की समृद्ध आदिवासी विरासत को आधुनिक तकनीक के साथ देश और दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना है।

abhishek singh जुलाई 16, 2026 0
Ranchi IT & AI Hub
खनिज राजधानी से डिजिटल हब बनने की राह पर झारखंड

रांची। झारखंड अपनी पारंपरिक पहचान खनिज संपदा वाले राज्य से आगे बढ़कर सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। राज्य सरकार ने झारखंड विकास विजन 2050 के तहत रांची को आईटी और एआई हब के रूप में विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। इसका उद्देश्य राज्य को डिजिटल नवाचार, तकनीकी निवेश और रोजगार का नया केंद्र बनाना है।   सरकार की योजना के अनुसार सरकार की योजना के अनुसार रांची में लगभग 100.97 एकड़ क्षेत्र में अत्याधुनिक आईटी पार्क विकसित किया जाएगा। साथ ही राज्य की अपनी एआई नीति लागू होगी, जिसके तहत स्टेट एआई क्लाउड तैयार किया जाएगा। यह प्लेटफॉर्म केंद्र सरकार के इंडिया एआई इकोसिस्टम के साथ समन्वय स्थापित कर डिजिटल सेवाओं को मजबूत करेगा।   ड्राफ्ट एआई पॉलिसी 2026 में स्मार्ट माइनिंग, खनिज चोरी पर निगरानी, मौसम और मिट्टी के विश्लेषण, कृषि, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास तथा प्रशासनिक सेवाओं में एआई के व्यापक उपयोग का प्रस्ताव है। सरकार डिजिटल गवर्नेंस को एआई आधारित प्लेटफॉर्म से जोड़कर रियल-टाइम मॉनिटरिंग और डेटा आधारित निर्णय प्रणाली विकसित करना चाहती है। इसके कार्यान्वयन की निगरानी के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति गठित करने की भी योजना है।   विशेषज्ञों का मानना हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि इस महत्वाकांक्षी योजना की सफलता केवल घोषणाओं पर नहीं, बल्कि मजबूत बुनियादी ढांचे, गुणवत्तापूर्ण इंटरनेट, निर्बाध बिजली, डेटा सेंटर, कुशल मानव संसाधन और पारदर्शी नीतियों पर निर्भर करेगी। सरकार निवेशकों को पूंजी निवेश पर रिम्बर्समेंट, स्टांप ड्यूटी में 100 प्रतिशत तक छूट और बिजली शुल्क में राहत जैसे प्रोत्साहन देने की तैयारी कर रही है।   झारखंड के सामने पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बिहार जैसे पड़ोसी राज्यों से प्रतिस्पर्धा भी बड़ी चुनौती है। फिर भी टियर-2 शहरों की बढ़ती मांग, अपेक्षाकृत कम परिचालन लागत और नई औद्योगिक संभावनाएं रांची को भविष्य में आईटी निवेश का आकर्षक केंद्र बना सकती हैं, बशर्ते योजनाएं समयबद्ध और प्रभावी तरीके से जमीन पर उतरें।

abhishek singh जुलाई 14, 2026 0
Jharkhand Weather
झारखंड के आठ जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी; वज्रपात और तेज हवाओं की भी आशंका

रांची। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को राज्य के आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कई इलाकों में वज्रपात और 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।   इन जिलों में भारी बारिश की संभावना   मौसम विभाग के अनुसार रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और बोकारो सहित कई जिलों में भारी वर्षा हो सकती है। कुछ स्थानों पर कम समय में तेज बारिश होने से जलभराव और निचले इलाकों में परेशानी बढ़ने की आशंका है।   किसानों और आम लोगों के लिए सलाह   लगातार बारिश से किसानों को धान की बुआई में राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन बिजली गिरने और तेज हवाओं को देखते हुए खेतों में काम करने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। प्रशासन ने लोगों से पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने तथा मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।   अगले कुछ दिन रहेगा सक्रिय मानसून   IMD के अनुसार झारखंड में 12 से 14 जुलाई तक मानसून सक्रिय रहेगा और कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है। मौसम विभाग ने स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए हैं।

abhishek singh जुलाई 12, 2026 0
Garhwa BLO
SIR फॉर्म के नाम पर वसूली पड़ी भारी, गढ़वा की BLO को हटाया गया

गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले के रंका प्रखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) फॉर्म भरने के नाम पर ग्रामीणों से अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। खपरो पंचायत की बीएलओ जमीला बीबी पर प्रति फॉर्म 20 से 50 रुपये तक लेने और पैसे नहीं देने पर आवेदन स्वीकार नहीं करने का आरोप लगा था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और प्रशासनिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने उन्हें आंगनबाड़ी सेविका के पद से चयन मुक्त करने का निर्देश दिया है।   ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप ग्रामीणों का कहना है कि फॉर्म जमा करने के लिए उनसे जबरन पैसे मांगे जा रहे थे। तसौउर अंसारी ने आरोप लगाया कि 50 रुपये नहीं देने पर उनका फॉर्म लेने से इनकार कर दिया गया। उन्होंने आशंका जताई कि यदि फॉर्म जमा नहीं हुआ तो उनकी नागरिकता संबंधी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। वहीं, ग्यासुद्दीन अंसारी ने बताया कि चार फॉर्म जमा करने के लिए उनसे 80 रुपये लिए गए। अन्य ग्रामीणों ने भी 50-50 रुपये की मांग किए जाने की शिकायत प्रशासन से की।   पहले एआई से फर्जी वीडियो होने का किया था दावा मामला सामने आने के बाद बीएलओ जमीला बीबी ने सभी आरोपों से इनकार किया था। उनका कहना था कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से तैयार किया गया है और उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने किसी भी प्रकार की अवैध वसूली से इंकार किया था।   जांच में आरोप सही, प्रशासन ने की कार्रवाई मामले के तूल पकड़ने पर रंका के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शुभम बेला टोपनो ने जांच कराई। जांच के दौरान वायरल वीडियो और ग्रामीणों की शिकायतों की पुष्टि हुई। रिपोर्ट मिलने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जमीला बीबी को आंगनबाड़ी सेविका के पद से चयन मुक्त कर दिया।   प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी ऐसी शिकायत सामने आती है तो उसकी तत्काल सूचना प्रशासन को दें, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

abhishek singh जुलाई 11, 2026 0
Khunti
खूंटी में सड़क हादसों का कहर, दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत

खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले में शुक्रवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो भीषण दुर्घटनाओं में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। इन हादसों के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाया जा रहा है।   बाइक-साइकिल की टक्कर में तीन की मौत पहला हादसा अड़की थाना क्षेत्र के सिंदरी-डोरिया मार्ग पर जेनाडीह के पास हुआ। डोरिया साप्ताहिक बाजार से साइकिल पर अपने घर लौट रहे 47 वर्षीय पूर्ण मुंडा को तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूर्ण मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई।   हादसे के बाद बाइक भी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बाइक पर सवार तमाड़ के मानकीडीह निवासी अमृत पातर (25), आयुष पातर (17) और सुनील पातर (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में अमृत और आयुष ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल सुनील का इलाज रांची के रिम्स अस्पताल में चल रहा है।   अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाइक सवार युवकों के नशे में होने की आशंका सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।   तोरपा में बस और कार की आमने-सामने भिड़ंत दूसरी दुर्घटना तोरपा थाना क्षेत्र के ममरला गांव के समीप खूंटी-तोरपा-कोलेबिरा मुख्य मार्ग पर हुई। यहां एक कार और बस की आमने-सामने टक्कर में कार चालक पंकज कुमार और ओडिशा निवासी कालिया गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को खूंटी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।   प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार सवार लोग पटना में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद भुवनेश्वर लौट रहे थे। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

abhishek singh जुलाई 11, 2026 0
RIMS
रिम्स में मरीजों को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, ऑनलाइन भर्ती से लेकर ट्रॉमा सेंटर तक होंगे बड़े बदलाव

रांची। झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में मरीजों को अधिक पारदर्शी, सुगम और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कई अहम कदम उठाए जा रहे हैं। रिम्स के निदेशक डॉ. डी.के. सिन्हा ने शुक्रवार को चिकित्सा अधीक्षक, अपर चिकित्सा अधीक्षक और अन्य अधिकारियों के साथ अस्पताल के विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों की सुविधा बढ़ाने और अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।   ओपीडी से ही होगी ऑनलाइन भर्ती निरीक्षण के दौरान ओपीडी पंजीकरण काउंटर पर ऑनलाइन भर्ती (ऑनलाइन एडमिशन) प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। नई व्यवस्था लागू होने के बाद मरीजों को भर्ती के लिए अलग-अलग काउंटरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। निदेशक ने इस प्रणाली को जल्द से जल्द लागू करने का निर्देश दिया ताकि भर्ती प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बन सके।   सुझाव पेटी और ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्था होगी बेहतर डॉ. सिन्हा ने मरीजों और उनके परिजनों से फीडबैक लेने के लिए अस्पताल परिसर में पुराने सुझाव पेटी (सजेशन बॉक्स) को फिर से स्थापित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा ट्रॉमा सेंटर में मरीजों के आवागमन के लिए ट्रॉलियों की उपलब्धता की समीक्षा कर आवश्यकता के अनुसार उनकी संख्या बढ़ाने को कहा। ट्रॉमा मॉर्च्युरी की व्यवस्थाओं में भी सुधार के निर्देश दिए गए।   पुराना बीएसएनएल भवन होगा ध्वस्त निरीक्षण के दौरान पेइंग वार्ड के नीचे स्थित केंद्रीय सर्वर कक्ष और अस्पताल के सीसीटीवी निगरानी तंत्र का भी जायजा लिया गया। निदेशक ने पुराने जर्जर बीएसएनएल भवन को ध्वस्त करने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने और कार्यालय को अस्थायी रूप से पेइंग वार्ड के भूतल पर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया।   इसके अलावा आश्रय गृह की सुविधाएं बेहतर बनाने, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने, रसोईघर में आरओ जल की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। निदेशक ने कहा कि रिम्स में मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से अस्पताल की व्यवस्थाओं को लगातार आधुनिक और सुदृढ़ बनाया जा रहा है।

abhishek singh जुलाई 11, 2026 0
Jharkhand Weather
चक्रवाती हवाओं का तांडव! झारखंड से लेकर बंगाल तक मानसून का खौफ, IMD ने जारी किया अलर्ट

कोलकाता, एजेंसियां। झारखंड और पश्चिम बंगाल समेत पूर्वी भारत में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी से जुड़े कम दबाव के क्षेत्र और उससे बनी चक्रवाती परिसंचरण के असर से दोनों राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली का खतरा बढ़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कई जिलों के लिए बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है।   झारखंड से बंगाल तक मौसम का बदला मिजाज   मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार और ओडिशा के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और जलभराव की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।   इन इलाकों में ज्यादा असर की आशंका   पश्चिम बंगाल के उत्तरी और दक्षिणी जिलों में भारी बारिश दर्ज की जा रही है। वहीं झारखंड के कई जिलों में भी तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवा चलने की चेतावनी दी गई है। IMD ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।   प्रशासन अलर्ट मोड पर   संभावित भारी बारिश को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। नदियों के जलस्तर, शहरी जलभराव और बिजली आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मौसम विभाग ने कहा है कि मानसून की सक्रिय स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है, इसलिए लोगों को आधिकारिक मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

abhishek singh जुलाई 11, 2026 0
National Stakeholder Consultation
दिल्ली में मौजूद थे वित्त मंत्री, लेकिन स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन से रहे गायब

रांची। झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर दिल्ली दौरे पर होने के बावजूद राज्य सरकार द्वारा आयोजित नेशनल स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। उनकी अनुपस्थिति ने राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दिया। हालांकि वित्त मंत्री ने इस पर सफाई देते हुए कहा कि उन्हें इस कार्यक्रम की कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई थी और न ही इससे संबंधित कोई पत्र प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि वह पिछले दो दिनों से रांची से बाहर हैं, इसलिए कार्यक्रम की जानकारी भी उन्हें नहीं मिल सकी।   वहीं, सरकार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस कोटे से मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और डॉ. इरफान अंसारी शामिल हुए। दूसरी ओर, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की भी कार्यक्रम में नहीं पहुंच सकीं। ऐसे में वरिष्ठ मंत्री की गैरमौजूदगी को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।   कांग्रेस नेतृत्व से की मुलाकात सरकारी कार्यक्रम से दूर रहने के बावजूद वित्त मंत्री ने दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय का दौरा किया। यहां उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ नेता जयराम रमेश से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान संगठन और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय, विकास योजनाओं की प्रगति तथा चुनावी घोषणा-पत्र में किए गए वादों को लागू करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार और संगठन मिलकर विकास कार्यों को गति दे रहे हैं तथा जनहित से जुड़े वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।   विभागीय पत्राचार पर भी उठाया सवाल वित्त मंत्री ने हाल ही में सरकारी वाहन लौटाने को लेकर विभाग के संयुक्त सचिव पंकज सिंह द्वारा भेजे गए पत्र पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने इस संबंध में विभागीय सचिव से स्थिति स्पष्ट करने के लिए पत्र लिखा था, लेकिन अब तक उन्हें कोई आधिकारिक जवाब प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे में विभागीय स्तर पर समन्वय और संवाद को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

abhishek singh जुलाई 9, 2026 0
Muzaffarpur BDO Suicide Case
मुजफ्फरपुर BDO सुसाइड केस: कथित प्रेम संबंध और मानसि प्रताड़ना के बीच पत्नी की मौत, जांच तेज

पटना, एजेंसियां। बिहार के मुजफ्फरपुर से सामने आए चर्चित बीडीओ सुसाइड केस ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जाले प्रखंड के बीडीओ मनोज कुमार की पत्नी अमृता कुमारी की जहरीला पदार्थ खाने से मौत के मामले में पुलिस कथित प्रेम संबंध, मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों की जांच कर रही है। मामले में बेगूसराय में तैनात महिला दारोगा अनु कुमारी का नाम भी सामने आया है। पुलिस दोनों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।   2020 में शुरू हुआ कथित संबंध, शादी के बाद बढ़ा विवाद पुलिस जांच के अनुसार, मनोज कुमार और अनु कुमारी की मुलाकात वर्ष 2020 में मुजफ्फरपुर की एक कोचिंग संस्था में हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच कथित रूप से नजदीकियां बढ़ीं। इसी दौरान मनोज कुमार ने दिसंबर 2022 में अमृता कुमारी से विवाह किया। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद अमृता को पति के कथित संबंधों की जानकारी मिली, जिसके बाद परिवार में लगातार तनाव बना रहा।   वीडियो कॉल और डिजिटल सबूत जांच के केंद्र में मृतका के परिजनों का आरोप है कि घटना वाले दिन बीडीओ और महिला दारोगा ने अमृता से वीडियो कॉल पर बात की और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। आरोप है कि लगातार तनाव और अपमान के कारण अमृता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।   परिजनों ने पुलिस को एक पेन ड्राइव भी सौंपी है, जिसमें कथित चैट, तस्वीरें और वीडियो कॉल से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड होने का दावा किया गया है। पुलिस इन इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच करा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल सबूतों, कॉल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच एजेंसियां हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं।

anjali kumari जुलाई 9, 2026 0
Patratu
पतरातू बना झारखंड का उभरता औद्योगिक हब, उद्योगों और ऊर्जा परियोजनाओं से बढ़े रोजगार के अवसर

रामगढ़। कभी प्राकृतिक सुंदरता और ताप विद्युत परियोजना के लिए प्रसिद्ध पतरातू अब झारखंड के तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक केंद्रों में शामिल हो गया है। पिछले कुछ वर्षों में यहां स्थापित नई औद्योगिक इकाइयों, ऊर्जा परियोजनाओं और पर्यटन गतिविधियों ने क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर बदल दी है। स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने से पलायन में कमी आई है और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है।   उद्योगों से बढ़ा निवेश और रोजगार पतरातू औद्योगिक क्षेत्र में अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट, इंटरलिंक फूड प्रोसेसिंग, ओसम मिल्क, सिद्धि टेक गारमेंट्स, गुप्ता इंडस्ट्रीज और एवर ग्रीन जैसी कई औद्योगिक इकाइयां संचालित हो रही हैं। इन उद्योगों ने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया है। विशेष रूप से सिद्धि टेक गारमेंट्स महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ रही है, जिससे उनकी आर्थिक भागीदारी बढ़ी है।   कृषि, डेयरी और पर्यटन को भी मिला बढ़ावा इंटरलिंक फूड प्रोसेसिंग और ओसम मिल्क जैसी इकाइयों ने स्थानीय किसानों और पशुपालकों के लिए नए बाजार उपलब्ध कराए हैं। वहीं, पतरातू लेक रिसोर्ट के विकास से होटल, रेस्टोरेंट, बोटिंग और अन्य पर्यटन गतिविधियों में सैकड़ों लोगों को रोजगार मिला है। पर्यटन से जुड़े छोटे व्यवसायों, वाहन चालकों और दुकानदारों की आय में भी वृद्धि हुई है।   पीवीयूएनएल परियोजना बनी विकास की धुरी पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) की 4000 मेगावाट क्षमता वाली परियोजना क्षेत्र के औद्योगिक विकास की सबसे बड़ी आधारशिला मानी जा रही है। पहले चरण में तीन इकाइयों पर काम चल रहा है, जिनमें से दो से बिजली उत्पादन शुरू हो चुका है। इस परियोजना ने निर्माण, परिवहन, तकनीकी सेवाओं और अन्य क्षेत्रों में हजारों लोगों को रोजगार दिया है।   आर्थिक केंद्र के रूप में उभर रहा पतरातू औद्योगिक विस्तार, ऊर्जा परियोजनाओं और पर्यटन के संयुक्त विकास से पतरातू झारखंड के प्रमुख औद्योगिक एवं आर्थिक केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि आधारभूत सुविधाओं में सुधार और बढ़ते निवेश के चलते आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र राज्य के विकास का महत्वपूर्ण मॉडल बन सकता है।

abhishek singh जुलाई 8, 2026 0
Katras
धनबाद में भू-धंसान से दहशत, कई घर क्षतिग्रस्त

धनबाद। झारखंड के धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र के आकाश किनारी और छाताबाद इलाके में मंगलवार को हुए अचानक भू-धंसान ने स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी। विशाल तालाब के किनारे जमीन धंसने से तालाब का पूरा पानी जमीन के भीतर समा गया, जिससे आसपास की जमीन भी तेजी से प्रभावित होने लगी। घटना के बाद चार से पांच मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कई अन्य घरों की दीवारों में गहरी दरारें पड़ गईं। खतरे को देखते हुए कई परिवार अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।   सड़क जाम कर किया प्रदर्शन घटना से नाराज ग्रामीणों ने कतरास-धनबाद मुख्य मार्ग जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से भू-धंसान का खतरा बना हुआ है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। प्रदर्शनकारियों ने प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास, उचित मुआवजे और पूरे क्षेत्र का वैज्ञानिक सर्वे कराने की मांग की।   खतरे के बीच मछली पकड़ते दिखे लोग एक ओर जहां भू-धंसान से पूरे इलाके में भय का माहौल था, वहीं दूसरी ओर तालाब का पानी निकलने के बाद कुछ लोग मछली पकड़ने में जुट गए। प्रशासन ने इसे बेहद जोखिम भरा बताते हुए लोगों से प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने की अपील की।   प्रशासन और बीसीसीएल ने संभाला मोर्चा घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और बीसीसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाघमारा के एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया कि तालाब के किनारे हुए भू-धंसान के कारण आसपास के कई मकान प्रभावित हुए हैं। फिलहाल प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।   प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जोखिम वाले क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है। वहीं स्थानीय लोग तब तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं, जब तक पुनर्वास और मुआवजे को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता।

abhishek singh जुलाई 8, 2026 0
Popular post
शादी समारोह में जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम पर हमला नाकाम, हमलावर 20 साल से कर रहा था मौके का इंतज़ार

  जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री Farooq Abdullah पर जम्मू में एक शादी समारोह के दौरान हुए हमले ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना उस समय हुई जब वे एक कार्यक्रम से बाहर निकल रहे थे और भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने उनके बेहद करीब आकर पिस्तौल तान दी और गोली चलाने की कोशिश की। हालांकि सुरक्षाकर्मियों की त्वरित कार्रवाई से यह हमला नाकाम हो गया और वे बाल-बाल बच गए। यह घटना जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में आयोजित एक विवाह समारोह में हुई, जहां Farooq Abdullah जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री Surinder Choudhary के साथ पहुंचे थे।   कौन है हमलावर? पुलिस ने आरोपी की पहचान कमल सिंह जम्वाल (करीब 65 वर्ष) के रूप में की है, जो जम्मू के पुरानी मंडी इलाके का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से इस मौके का इंतज़ार कर रहा था। पुलिस के अनुसार कमल सिंह के पास एक लाइसेंसी पिस्तौल थी और घटना के समय वह कथित तौर पर नशे में भी था। सुरक्षाकर्मियों ने मौके से हथियार बरामद कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह हमला व्यक्तिगत रंजिश का नतीजा था या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश हो सकती है।   CCTV में कैद हुई पूरी घटना घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में दिखता है कि जैसे ही Farooq Abdullah समारोह से बाहर निकल रहे थे, आरोपी पीछे से तेजी से आया और उनकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी। उसने फायर करने की कोशिश की, लेकिन उसी क्षण सुरक्षा में तैनात कमांडो सक्रिय हो गए और उसका हाथ झटक दिया, जिससे गोली लक्ष्य से चूक गई। इसके तुरंत बाद सुरक्षाकर्मियों और मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। घटना के बाद का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।   सीएम उमर अब्दुल्ला ने उठाए सुरक्षा पर सवाल हमले के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री Omar Abdullah ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके पिता बाल-बाल बच गए। उन्होंने लिखा कि एक व्यक्ति भरी हुई पिस्तौल के साथ इतने करीब तक कैसे पहुंच गया, यह गंभीर सुरक्षा चूक का संकेत है। मुख्यमंत्री ने इस घटना की उच्च-स्तरीय जांच की मांग भी की है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में हुई संभावित खामियों का पता लगाया जा सके। घटना के समय उपमुख्यमंत्री Surinder Choudhary भी वहां मौजूद थे। इस दौरान उन्हें हल्की चोट आई, जिसके बाद मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।   पुलिस की जांच जारी जम्मू पुलिस के अनुसार हमला ग्रेटर कैलाश के रॉयल पार्क में आयोजित विवाह समारोह के दौरान हुआ। सुरक्षा दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पिस्तौल जब्त कर ली गई है और उसके पारिवारिक पृष्ठभूमि, संपर्कों और मानसिक स्थिति की भी जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कहीं इस घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं।  

हरीश राणा मामला: इच्छामृत्यु की अनुमति ने खड़े किए संवेदनशील सवाल, क्या सच में कोई अकेले मरता है?

भारत के कानूनी और सामाजिक विमर्श में एक ऐतिहासिक और भावनात्मक मोड़ तब आया, जब सुप्रीम कोर्ट ने हरीश राणा को निष्क्रिय इच्छामृत्यु (Passive Euthanasia) की अनुमति दे दी। यह फैसला न केवल न्यायिक दृष्टि से अहम है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और पारिवारिक पीड़ा को भी गहराई से छूता है। 13 साल का संघर्ष: जीवन और मृत्यु के बीच अटका एक अस्तित्व हरीश राणा पिछले 13 वर्षों से अचेत अवस्था में जीवन और मृत्यु के बीच झूल रहे थे। एक हादसे में चंडीगढ़ स्थित हॉस्टल की चौथी मंज़िल से गिरने के बाद उनका शरीर तो जीवित रहा, लेकिन वे किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया देने में असमर्थ हो गए। इन वर्षों में उनके माता-पिता ने निरंतर उनकी सेवा की, लेकिन बढ़ती उम्र और शारीरिक थकान ने उन्हें एक कठिन निर्णय के सामने ला खड़ा किया-अपने ही बेटे के लिए मृत्यु की अनुमति मांगना। अदालत का फैसला: ‘गरिमामय मृत्यु’ की दिशा में कदम सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में निष्क्रिय इच्छामृत्यु की अनुमति दी, जिसमें जीवन को कृत्रिम रूप से बनाए रखने वाले उपकरणों को हटाया जाता है, ताकि व्यक्ति स्वाभाविक रूप से मृत्यु की ओर बढ़ सके। यह निर्णय भारत में इच्छामृत्यु को लेकर एक महत्वपूर्ण मिसाल बन गया है। इससे पहले भी ऐसे मामले सामने आए थे, जैसे अरुणा शानबाग का मामला, लेकिन तब अदालत ने अनुमति नहीं दी थी। एक सवाल जो दिल को झकझोरता है यह मामला सिर्फ कानूनी नहीं, बल्कि गहरे मानवीय और भावनात्मक सवाल भी खड़े करता है- क्या हरीश राणा अकेले मरेंगे? असल में, किसी की मृत्यु कभी अकेली नहीं होती। हरीश के साथ उनके माता-पिता का एक हिस्सा भी खत्म होगा-खासतौर पर उनकी मां, जिन्होंने अपने बेटे की इच्छामृत्यु की अनुमति पर हस्ताक्षर किए। यह निर्णय केवल कागज पर हस्ताक्षर नहीं, बल्कि एक मां के भीतर की पीड़ा, त्याग और टूटन का प्रतीक है। समाज और परिवार पर उठते बड़े सवाल इस घटना ने समाज के बदलते स्वरूप पर भी सवाल खड़े किए हैं- क्या आधुनिक जीवनशैली और टूटते पारिवारिक ढांचे लोगों को ऐसे फैसले लेने के लिए मजबूर कर रहे हैं?   क्या ‘गरिमामय मृत्यु’ की मांग, ‘गरिमामय जीवन’ की कमी को दर्शाती है?   हरीश राणा और अरुणा शानबाग जैसे मामलों ने यह दिखाया है कि कई बार जीवन केवल शरीर से नहीं, बल्कि रिश्तों और देखभाल से भी चलता है। कानून बनने की जरूरत और संभावित खतरे सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को इच्छामृत्यु पर स्पष्ट कानून बनाने की भी सलाह दी है। हालांकि, इसके साथ एक चिंता भी जुड़ी है- कहीं इस कानून का दुरुपयोग तो नहीं होगा? विशेषज्ञों का मानना है कि बिना सख्त नियमों के, यह कानून कमजोर और बुजुर्ग लोगों के लिए खतरा बन सकता है। वहीं, कुछ परिवारों के लिए यह पीड़ा से मुक्ति का रास्ता भी साबित हो सकता है।  

लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर आज अमित शाह का भाषण, सदन में हंगामे के आसार

  नई दिल्ली: लोकसभा स्पीकर Om Birla को पद से हटाने के लिए लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर संसद में सियासी घमासान तेज हो गया है। इस मुद्दे पर जारी बहस के बीच बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah लोकसभा में सरकार का पक्ष रखेंगे। माना जा रहा है कि उनके संबोधन के दौरान सदन में तीखी बहस और हंगामे की स्थिति बन सकती है। यह प्रस्ताव कांग्रेस सांसद Mohammed Javed ने पेश किया है, जिसे विपक्ष के कई दलों का समर्थन मिला है। प्रस्ताव को 50 से अधिक सांसदों का समर्थन मिलने के बाद इसे चर्चा के लिए स्वीकार किया गया। मंगलवार को सदन की कार्यवाही की अध्यक्षता कर रहे Jagadambika Pal ने प्रस्ताव पर चर्चा की अनुमति दी और इसके लिए कुल 10 घंटे का समय निर्धारित किया। उन्होंने सांसदों से अपील की कि वे बहस के दौरान केवल प्रस्ताव से जुड़े मुद्दों पर ही अपनी बात रखें।   118 विपक्षी सांसदों का समर्थन स्पीकर को हटाने के प्रस्ताव पर कुल 118 विपक्षी सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं। विपक्ष का आरोप है कि Om Birla ने सदन की कार्यवाही के दौरान निष्पक्षता नहीं बरती और कई मौकों पर ‘पक्षपातपूर्ण व्यवहार’ किया। इसी आरोप के आधार पर यह प्रस्ताव लाया गया है। मंगलवार को बहस शुरू होते ही प्रक्रिया को लेकर भी विवाद देखने को मिला। एआईएमआईएम प्रमुख Asaduddin Owaisi और कांग्रेस सांसद K. C. Venugopal ने आपत्ति जताते हुए कहा कि इस तरह की बहस की अध्यक्षता के लिए सदन को किसी सदस्य का चुनाव करना चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अध्यक्षों के पैनल से किसे कार्यवाही की अध्यक्षता के लिए चुना गया, इसका निर्णय किस आधार पर लिया गया। हालांकि सत्तारूढ़ दल के नेताओं ने इन आपत्तियों को खारिज कर दिया। भाजपा सांसद Ravi Shankar Prasad और Nishikant Dubey ने विपक्ष के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि नियमों के तहत ही कार्यवाही चल रही है।   गौरव गोगोई ने शुरू की बहस बहस की शुरुआत कांग्रेस सांसद Gaurav Gogoi ने की। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव किसी व्यक्तिगत विरोध के कारण नहीं बल्कि संसद की गरिमा और निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से लाया गया है। उन्होंने कहा, “यह प्रस्ताव सदन की गरिमा की रक्षा की जिम्मेदारी के तहत लाया गया है, न कि व्यक्तिगत रूप से स्पीकर के खिलाफ।” गोगोई ने संसदीय कार्य मंत्री Kiren Rijiju पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे अक्सर विपक्षी सांसदों की बातों में बाधा डालते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में जब संसदीय रिकॉर्ड का अध्ययन होगा तो यह सामने आएगा कि विपक्ष की आवाज़ को सबसे अधिक बाधित किया गया।   रिजिजू ने राहुल गांधी पर साधा निशाना अपने जवाब में Kiren Rijiju ने कांग्रेस नेता Rahul Gandhi पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि कोई खुद को स्पीकर से ऊपर समझता है तो उसका “कोई इलाज नहीं है।” रिजिजू ने कहा कि संसद के नियम स्पष्ट हैं और सदन में बोलने के लिए स्पीकर की अनुमति जरूरी होती है, चाहे वह प्रधानमंत्री हो, मंत्री हो या विपक्ष का नेता।   प्रियंका गांधी का पलटवार इस टिप्पणी पर कांग्रेस नेता Priyanka Gandhi Vadra ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार को बेखौफ होकर घेरते हैं और यही बात सत्तारूढ़ दल को असहज करती है। प्रियंका गांधी ने कहा, “पिछले 12 वर्षों में इस देश में केवल एक व्यक्ति है जिसने इनके सामने झुकने से इनकार किया है और वह विपक्ष के नेता हैं। वे जो सच बोलते हैं, उसे ये लोग पचा नहीं पाते।” आज जब गृह मंत्री Amit Shah इस प्रस्ताव पर सदन में अपना पक्ष रखेंगे, तब बहस और अधिक तीखी होने की संभावना है। ऐसे में लोकसभा में राजनीतिक टकराव और हंगामे के आसार बने हुए हैं।  

यौन उत्पीड़न केस में शंकराचार्य को राहत, हाईकोर्ट ने दी अग्रिम जमानत

लखनऊ, एजेंसियां। यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों से घिरे Swami Avimukteshwaranand Saraswati को बड़ी कानूनी राहत मिली है। अलाहबाद हाई कोर्ट  ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका स्वीकार कर ली है, जिससे फिलहाल उनकी गिरफ्तारी पर रोक लग गई है। इसी मामले में उनके शिष्य Swami Mukundanand Giri को भी राहत दी गई है।   फैसला सुरक्षित रखने के बाद सुनाया गया आदेश इस मामले में अदालत ने पहले ही सभी पक्षों की दलीलें सुन ली थीं और 27 फरवरी को फैसला सुरक्षित रख लिया था। विस्तृत सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति जितेंद्र कुमार सिन्हा की एकल पीठ ने यह फैसला सुनाया। अदालत के इस निर्णय को आरोपियों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है, हालांकि केस की जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।   मीडिया बयान पर भी कोर्ट की रोक हाईकोर्ट ने इस मामले को संवेदनशील मानते हुए एक अहम निर्देश भी दिया है। अदालत ने शिकायतकर्ता और आरोपियों—दोनों पक्षों को मीडिया में बयान देने से रोक दिया है, ताकि जांच और न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित न हो।   क्या है पूरा मामला? यह मामला नाबालिगों के कथित यौन शोषण से जुड़ा है। आरोप है कि आश्रम से जुड़े कुछ बच्चों के साथ गलत व्यवहार किया गया। शिकायत के आधार पर विशेष POCSO अदालत ने पुलिस को मामला दर्ज करने का निर्देश दिया था। इसके बाद प्रयागराज के झूंसी थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।   जांच जारी, आगे भी होगी सुनवाई फिलहाल, अदालत से मिली अग्रिम जमानत के कारण गिरफ्तारी से राहत जरूर मिली है, लेकिन मामला खत्म नहीं हुआ है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां जांच में जुटी हैं और आने वाले समय में इस केस में और भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

इच्छामृत्यु के बाद Harish Rana को अंतिम विदाई, पिता की मार्मिक अपील- "रोना मत"

गाजियाबाद/दिल्ली, एजेंसियां। 13 साल से कोमा में रहे 31 वर्षीय हरीश राणा का पार्थिव शरीर बुधवार सुबह 8.30 बजे अंतिम संस्कार के लिए दिल्ली के ग्रीन पार्क श्मशान घाट लाया गया। पिता अशोक राणा ने बेटे को आखिरी बार प्रणाम किया और कहा, “कोई रोए न, बेटा शांति से जाए। उसे भगवान का आशीर्वाद मिले।” थोड़ी देर बाद हरीश का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें उनके भाई ने मुखाग्नि दी।   क्या है मामला? हरीश 2013 में हॉस्टल की चौथी मंजिल से गिरने के बाद क्वाड्रिप्लेजिया और गंभीर लकवे के कारण कोमा में चले गए थे। बीते 13 वर्षों में उनका जीवन केवल लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर निर्भर रहा। 11 मार्च को सुप्रीम कोर्ट ने पैसिव यूथेनेशिया यानी इच्छामृत्यु की अनुमति दी थी, जिससे हरीश की जिंदगी का अंत उनके परिवार की सहमति और मेडिकल बोर्डों की मंजूरी के तहत संभव हुआ।   कैसे हुई  मौत ? एम्स में हरीश को पैसिव यूथेनेशिया के तहत जीवनरक्षक उपकरण और फीडिंग ट्यूब से हटाया गया। परिवार ने हरीश के हार्ट वाल्व और कॉर्निया दान कर दिए। इस प्रक्रिया ने भारत में इच्छामृत्यु के कानूनी मान्यता प्राप्त पहले मामले का उदाहरण पेश किया।अंतिम संस्कार के दौरान माता निर्मला राणा और पिता अशोक राणा भावुक नजर आए। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और ब्रह्मकुमारी लवली समेत अन्य लोग मौजूद रहे। घाट पर हरीश का पार्थिव शरीर फूलों और उपलों से सजाया गया। पिता ने अंतिम संस्कार के समय सबको संयम रखने और शांति बनाए रखने की अपील की।   सुप्रीम कोर्ट ने क्या  कहा ? सुप्रीम कोर्ट ने 2018 में इच्छामृत्यु के लिए नियम बनाए थे। इसके तहत या तो मरीज ने लिविंग विल लिखी हो या परिवार/करीबी निर्णय लें। पैसिव यूथेनेशिया में इलाज या लाइफ सपोर्ट रोक दिया जाता है, जबकि एक्टिव यूथेनेशिया भारत में गैरकानूनी है। हरीश राणा का यह मामला न केवल परिवार के साहस का प्रतीक है, बल्कि देश में इच्छामृत्यु के संवैधानिक अधिकार को भी सामने लाता है।

Top week

Explosion reported in Iran after US airstrikes near Bandar Abbas
दुनिया

ईरान पर फिर बरसे अमेरिकी बम, बंदर अब्बास समेत कई शहरों में धमाके; मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव

kalpana जुलाई 21, 2026 0