नई दिल्ली, एजेंसियां। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की ताजा रिपोर्ट ने भारतीय रेलवे के प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं और पेयजल व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। 512 गैर-उपनगरीय रेलवे स्टेशनों के ऑडिट में 458 स्टेशनों यानी करीब 89% स्टेशनों पर न्यूनतम आवश्यक यात्री सुविधाओं में कमी पाई गई। इनमें पेयजल, शौचालय, यूरिनल, बैठने की व्यवस्था, पंखे, वाटर कूलर, प्लेटफॉर्म शेल्टर और कूड़ेदान जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
रिपोर्ट की खास चिंता यह है कि कमियां केवल छोटे या कम भीड़ वाले स्टेशनों तक सीमित नहीं हैं। नई दिल्ली, मुंबई सेंट्रल, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), हावड़ा और सियालदह जैसे प्रमुख NSG-1 श्रेणी के स्टेशनों पर भी बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छता सुविधाएं, कूड़ेदान और इलेक्ट्रॉनिक यात्री सूचना बोर्ड जैसी आवश्यक सुविधाओं में कमी दर्ज की गई।
CAG के अनुसार NSG-1 श्रेणी के 22 प्रमुख स्टेशनों में से केवल पांच स्टेशन ही न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं के निर्धारित मानकों को पूरा कर रहे थे।
रिपोर्ट का सबसे गंभीर पहलू पेयजल की गुणवत्ता से जुड़ा है। CAG के परीक्षण में आठ स्टेशनों के वाटर कूलर के पानी के नमूनों में E. coli पाया गया। इनमें कोयंबटूर, पालक्काड जंक्शन, हैदराबाद, CSMT, भिवंडी रोड, कल्याण, लोनावला और मधुपुर शामिल हैं।
इसके अलावा 2022-23 में आठ जोन के 49 स्टेशनों और 2023-24 में नौ जोन के 56 स्टेशनों से लिए गए प्लेटफॉर्म नल के पानी के नमूनों में टोटल कोलीफॉर्म बैक्टीरिया, जिसमें E. coli भी शामिल है, पाया गया।
CAG ने पाया कि कई स्टेशनों पर पेयजल की नियमित जांच निर्धारित नियमों के मुताबिक नहीं हो रही थी। 59 स्टेशनों पर बैक्टीरियोलॉजिकल जांच, 179 स्टेशनों पर रासायनिक जांच और 78 स्टेशनों पर अवशिष्ट क्लोरीन की जांच नहीं की गई। वहीं 436 स्टेशनों पर बहु-पैरामीटर जल जांच किट उपलब्ध नहीं थीं।
जल टैंकों की सफाई और रखरखाव के रिकॉर्ड भी कई जगह उपलब्ध नहीं थे। CAG ने रेलवे को जल आपूर्ति प्रणाली की निगरानी मजबूत करने और निर्धारित मानकों के तहत पेयजल की व्यापक जांच सुनिश्चित करने की सिफारिश की है।
CAG की रिपोर्ट के बाद रेलवे ने पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए ‘Tank to Tap’ जल फिल्ट्रेशन प्रणाली शुरू करने की योजना बनाई है। इसे करीब 20,000 स्थानों पर लगाने की तैयारी है, जिसमें वाटर कूलर और जल आपूर्ति की निगरानी व्यवस्था भी शामिल होगी। रेलवे ने तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री Farooq Abdullah पर जम्मू में एक शादी समारोह के दौरान हुए हमले ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना उस समय हुई जब वे एक कार्यक्रम से बाहर निकल रहे थे और भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने उनके बेहद करीब आकर पिस्तौल तान दी और गोली चलाने की कोशिश की। हालांकि सुरक्षाकर्मियों की त्वरित कार्रवाई से यह हमला नाकाम हो गया और वे बाल-बाल बच गए। यह घटना जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में आयोजित एक विवाह समारोह में हुई, जहां Farooq Abdullah जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री Surinder Choudhary के साथ पहुंचे थे। कौन है हमलावर? पुलिस ने आरोपी की पहचान कमल सिंह जम्वाल (करीब 65 वर्ष) के रूप में की है, जो जम्मू के पुरानी मंडी इलाके का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से इस मौके का इंतज़ार कर रहा था। पुलिस के अनुसार कमल सिंह के पास एक लाइसेंसी पिस्तौल थी और घटना के समय वह कथित तौर पर नशे में भी था। सुरक्षाकर्मियों ने मौके से हथियार बरामद कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह हमला व्यक्तिगत रंजिश का नतीजा था या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश हो सकती है। CCTV में कैद हुई पूरी घटना घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में दिखता है कि जैसे ही Farooq Abdullah समारोह से बाहर निकल रहे थे, आरोपी पीछे से तेजी से आया और उनकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी। उसने फायर करने की कोशिश की, लेकिन उसी क्षण सुरक्षा में तैनात कमांडो सक्रिय हो गए और उसका हाथ झटक दिया, जिससे गोली लक्ष्य से चूक गई। इसके तुरंत बाद सुरक्षाकर्मियों और मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। घटना के बाद का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। सीएम उमर अब्दुल्ला ने उठाए सुरक्षा पर सवाल हमले के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री Omar Abdullah ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके पिता बाल-बाल बच गए। उन्होंने लिखा कि एक व्यक्ति भरी हुई पिस्तौल के साथ इतने करीब तक कैसे पहुंच गया, यह गंभीर सुरक्षा चूक का संकेत है। मुख्यमंत्री ने इस घटना की उच्च-स्तरीय जांच की मांग भी की है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में हुई संभावित खामियों का पता लगाया जा सके। घटना के समय उपमुख्यमंत्री Surinder Choudhary भी वहां मौजूद थे। इस दौरान उन्हें हल्की चोट आई, जिसके बाद मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस की जांच जारी जम्मू पुलिस के अनुसार हमला ग्रेटर कैलाश के रॉयल पार्क में आयोजित विवाह समारोह के दौरान हुआ। सुरक्षा दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पिस्तौल जब्त कर ली गई है और उसके पारिवारिक पृष्ठभूमि, संपर्कों और मानसिक स्थिति की भी जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कहीं इस घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं।
भारत के कानूनी और सामाजिक विमर्श में एक ऐतिहासिक और भावनात्मक मोड़ तब आया, जब सुप्रीम कोर्ट ने हरीश राणा को निष्क्रिय इच्छामृत्यु (Passive Euthanasia) की अनुमति दे दी। यह फैसला न केवल न्यायिक दृष्टि से अहम है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और पारिवारिक पीड़ा को भी गहराई से छूता है। 13 साल का संघर्ष: जीवन और मृत्यु के बीच अटका एक अस्तित्व हरीश राणा पिछले 13 वर्षों से अचेत अवस्था में जीवन और मृत्यु के बीच झूल रहे थे। एक हादसे में चंडीगढ़ स्थित हॉस्टल की चौथी मंज़िल से गिरने के बाद उनका शरीर तो जीवित रहा, लेकिन वे किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया देने में असमर्थ हो गए। इन वर्षों में उनके माता-पिता ने निरंतर उनकी सेवा की, लेकिन बढ़ती उम्र और शारीरिक थकान ने उन्हें एक कठिन निर्णय के सामने ला खड़ा किया-अपने ही बेटे के लिए मृत्यु की अनुमति मांगना। अदालत का फैसला: ‘गरिमामय मृत्यु’ की दिशा में कदम सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में निष्क्रिय इच्छामृत्यु की अनुमति दी, जिसमें जीवन को कृत्रिम रूप से बनाए रखने वाले उपकरणों को हटाया जाता है, ताकि व्यक्ति स्वाभाविक रूप से मृत्यु की ओर बढ़ सके। यह निर्णय भारत में इच्छामृत्यु को लेकर एक महत्वपूर्ण मिसाल बन गया है। इससे पहले भी ऐसे मामले सामने आए थे, जैसे अरुणा शानबाग का मामला, लेकिन तब अदालत ने अनुमति नहीं दी थी। एक सवाल जो दिल को झकझोरता है यह मामला सिर्फ कानूनी नहीं, बल्कि गहरे मानवीय और भावनात्मक सवाल भी खड़े करता है- क्या हरीश राणा अकेले मरेंगे? असल में, किसी की मृत्यु कभी अकेली नहीं होती। हरीश के साथ उनके माता-पिता का एक हिस्सा भी खत्म होगा-खासतौर पर उनकी मां, जिन्होंने अपने बेटे की इच्छामृत्यु की अनुमति पर हस्ताक्षर किए। यह निर्णय केवल कागज पर हस्ताक्षर नहीं, बल्कि एक मां के भीतर की पीड़ा, त्याग और टूटन का प्रतीक है। समाज और परिवार पर उठते बड़े सवाल इस घटना ने समाज के बदलते स्वरूप पर भी सवाल खड़े किए हैं- क्या आधुनिक जीवनशैली और टूटते पारिवारिक ढांचे लोगों को ऐसे फैसले लेने के लिए मजबूर कर रहे हैं? क्या ‘गरिमामय मृत्यु’ की मांग, ‘गरिमामय जीवन’ की कमी को दर्शाती है? हरीश राणा और अरुणा शानबाग जैसे मामलों ने यह दिखाया है कि कई बार जीवन केवल शरीर से नहीं, बल्कि रिश्तों और देखभाल से भी चलता है। कानून बनने की जरूरत और संभावित खतरे सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को इच्छामृत्यु पर स्पष्ट कानून बनाने की भी सलाह दी है। हालांकि, इसके साथ एक चिंता भी जुड़ी है- कहीं इस कानून का दुरुपयोग तो नहीं होगा? विशेषज्ञों का मानना है कि बिना सख्त नियमों के, यह कानून कमजोर और बुजुर्ग लोगों के लिए खतरा बन सकता है। वहीं, कुछ परिवारों के लिए यह पीड़ा से मुक्ति का रास्ता भी साबित हो सकता है।
नई दिल्ली: लोकसभा स्पीकर Om Birla को पद से हटाने के लिए लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर संसद में सियासी घमासान तेज हो गया है। इस मुद्दे पर जारी बहस के बीच बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah लोकसभा में सरकार का पक्ष रखेंगे। माना जा रहा है कि उनके संबोधन के दौरान सदन में तीखी बहस और हंगामे की स्थिति बन सकती है। यह प्रस्ताव कांग्रेस सांसद Mohammed Javed ने पेश किया है, जिसे विपक्ष के कई दलों का समर्थन मिला है। प्रस्ताव को 50 से अधिक सांसदों का समर्थन मिलने के बाद इसे चर्चा के लिए स्वीकार किया गया। मंगलवार को सदन की कार्यवाही की अध्यक्षता कर रहे Jagadambika Pal ने प्रस्ताव पर चर्चा की अनुमति दी और इसके लिए कुल 10 घंटे का समय निर्धारित किया। उन्होंने सांसदों से अपील की कि वे बहस के दौरान केवल प्रस्ताव से जुड़े मुद्दों पर ही अपनी बात रखें। 118 विपक्षी सांसदों का समर्थन स्पीकर को हटाने के प्रस्ताव पर कुल 118 विपक्षी सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं। विपक्ष का आरोप है कि Om Birla ने सदन की कार्यवाही के दौरान निष्पक्षता नहीं बरती और कई मौकों पर ‘पक्षपातपूर्ण व्यवहार’ किया। इसी आरोप के आधार पर यह प्रस्ताव लाया गया है। मंगलवार को बहस शुरू होते ही प्रक्रिया को लेकर भी विवाद देखने को मिला। एआईएमआईएम प्रमुख Asaduddin Owaisi और कांग्रेस सांसद K. C. Venugopal ने आपत्ति जताते हुए कहा कि इस तरह की बहस की अध्यक्षता के लिए सदन को किसी सदस्य का चुनाव करना चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अध्यक्षों के पैनल से किसे कार्यवाही की अध्यक्षता के लिए चुना गया, इसका निर्णय किस आधार पर लिया गया। हालांकि सत्तारूढ़ दल के नेताओं ने इन आपत्तियों को खारिज कर दिया। भाजपा सांसद Ravi Shankar Prasad और Nishikant Dubey ने विपक्ष के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि नियमों के तहत ही कार्यवाही चल रही है। गौरव गोगोई ने शुरू की बहस बहस की शुरुआत कांग्रेस सांसद Gaurav Gogoi ने की। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव किसी व्यक्तिगत विरोध के कारण नहीं बल्कि संसद की गरिमा और निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से लाया गया है। उन्होंने कहा, “यह प्रस्ताव सदन की गरिमा की रक्षा की जिम्मेदारी के तहत लाया गया है, न कि व्यक्तिगत रूप से स्पीकर के खिलाफ।” गोगोई ने संसदीय कार्य मंत्री Kiren Rijiju पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे अक्सर विपक्षी सांसदों की बातों में बाधा डालते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में जब संसदीय रिकॉर्ड का अध्ययन होगा तो यह सामने आएगा कि विपक्ष की आवाज़ को सबसे अधिक बाधित किया गया। रिजिजू ने राहुल गांधी पर साधा निशाना अपने जवाब में Kiren Rijiju ने कांग्रेस नेता Rahul Gandhi पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि कोई खुद को स्पीकर से ऊपर समझता है तो उसका “कोई इलाज नहीं है।” रिजिजू ने कहा कि संसद के नियम स्पष्ट हैं और सदन में बोलने के लिए स्पीकर की अनुमति जरूरी होती है, चाहे वह प्रधानमंत्री हो, मंत्री हो या विपक्ष का नेता। प्रियंका गांधी का पलटवार इस टिप्पणी पर कांग्रेस नेता Priyanka Gandhi Vadra ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार को बेखौफ होकर घेरते हैं और यही बात सत्तारूढ़ दल को असहज करती है। प्रियंका गांधी ने कहा, “पिछले 12 वर्षों में इस देश में केवल एक व्यक्ति है जिसने इनके सामने झुकने से इनकार किया है और वह विपक्ष के नेता हैं। वे जो सच बोलते हैं, उसे ये लोग पचा नहीं पाते।” आज जब गृह मंत्री Amit Shah इस प्रस्ताव पर सदन में अपना पक्ष रखेंगे, तब बहस और अधिक तीखी होने की संभावना है। ऐसे में लोकसभा में राजनीतिक टकराव और हंगामे के आसार बने हुए हैं।
लखनऊ, एजेंसियां। यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों से घिरे Swami Avimukteshwaranand Saraswati को बड़ी कानूनी राहत मिली है। अलाहबाद हाई कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका स्वीकार कर ली है, जिससे फिलहाल उनकी गिरफ्तारी पर रोक लग गई है। इसी मामले में उनके शिष्य Swami Mukundanand Giri को भी राहत दी गई है। फैसला सुरक्षित रखने के बाद सुनाया गया आदेश इस मामले में अदालत ने पहले ही सभी पक्षों की दलीलें सुन ली थीं और 27 फरवरी को फैसला सुरक्षित रख लिया था। विस्तृत सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति जितेंद्र कुमार सिन्हा की एकल पीठ ने यह फैसला सुनाया। अदालत के इस निर्णय को आरोपियों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है, हालांकि केस की जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी। मीडिया बयान पर भी कोर्ट की रोक हाईकोर्ट ने इस मामले को संवेदनशील मानते हुए एक अहम निर्देश भी दिया है। अदालत ने शिकायतकर्ता और आरोपियों—दोनों पक्षों को मीडिया में बयान देने से रोक दिया है, ताकि जांच और न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित न हो। क्या है पूरा मामला? यह मामला नाबालिगों के कथित यौन शोषण से जुड़ा है। आरोप है कि आश्रम से जुड़े कुछ बच्चों के साथ गलत व्यवहार किया गया। शिकायत के आधार पर विशेष POCSO अदालत ने पुलिस को मामला दर्ज करने का निर्देश दिया था। इसके बाद प्रयागराज के झूंसी थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच जारी, आगे भी होगी सुनवाई फिलहाल, अदालत से मिली अग्रिम जमानत के कारण गिरफ्तारी से राहत जरूर मिली है, लेकिन मामला खत्म नहीं हुआ है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां जांच में जुटी हैं और आने वाले समय में इस केस में और भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
गाजियाबाद/दिल्ली, एजेंसियां। 13 साल से कोमा में रहे 31 वर्षीय हरीश राणा का पार्थिव शरीर बुधवार सुबह 8.30 बजे अंतिम संस्कार के लिए दिल्ली के ग्रीन पार्क श्मशान घाट लाया गया। पिता अशोक राणा ने बेटे को आखिरी बार प्रणाम किया और कहा, “कोई रोए न, बेटा शांति से जाए। उसे भगवान का आशीर्वाद मिले।” थोड़ी देर बाद हरीश का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें उनके भाई ने मुखाग्नि दी। क्या है मामला? हरीश 2013 में हॉस्टल की चौथी मंजिल से गिरने के बाद क्वाड्रिप्लेजिया और गंभीर लकवे के कारण कोमा में चले गए थे। बीते 13 वर्षों में उनका जीवन केवल लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर निर्भर रहा। 11 मार्च को सुप्रीम कोर्ट ने पैसिव यूथेनेशिया यानी इच्छामृत्यु की अनुमति दी थी, जिससे हरीश की जिंदगी का अंत उनके परिवार की सहमति और मेडिकल बोर्डों की मंजूरी के तहत संभव हुआ। कैसे हुई मौत ? एम्स में हरीश को पैसिव यूथेनेशिया के तहत जीवनरक्षक उपकरण और फीडिंग ट्यूब से हटाया गया। परिवार ने हरीश के हार्ट वाल्व और कॉर्निया दान कर दिए। इस प्रक्रिया ने भारत में इच्छामृत्यु के कानूनी मान्यता प्राप्त पहले मामले का उदाहरण पेश किया।अंतिम संस्कार के दौरान माता निर्मला राणा और पिता अशोक राणा भावुक नजर आए। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और ब्रह्मकुमारी लवली समेत अन्य लोग मौजूद रहे। घाट पर हरीश का पार्थिव शरीर फूलों और उपलों से सजाया गया। पिता ने अंतिम संस्कार के समय सबको संयम रखने और शांति बनाए रखने की अपील की। सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा ? सुप्रीम कोर्ट ने 2018 में इच्छामृत्यु के लिए नियम बनाए थे। इसके तहत या तो मरीज ने लिविंग विल लिखी हो या परिवार/करीबी निर्णय लें। पैसिव यूथेनेशिया में इलाज या लाइफ सपोर्ट रोक दिया जाता है, जबकि एक्टिव यूथेनेशिया भारत में गैरकानूनी है। हरीश राणा का यह मामला न केवल परिवार के साहस का प्रतीक है, बल्कि देश में इच्छामृत्यु के संवैधानिक अधिकार को भी सामने लाता है।
नई दिल्ली: हिंद महासागर में भविष्य की नौसैनिक प्रतिस्पर्धा अब केवल युद्धपोतों, पनडुब्बियों और मिसाइलों की संख्या तक सीमित नहीं रहने वाली है। चीन अपनी नौसैनिक क्षमता को मजबूत करने के लिए एक ऐसे क्षेत्र पर तेजी से काम कर रहा है, जो किसी भी विमानवाहक पोत की वास्तविक ताकत तय करता है—प्रशिक्षित और अनुभवी कैरियर पायलट। चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी नेवी (PLAN) अब बड़े पैमाने पर कैरियर पायलट तैयार करने की व्यवस्था विकसित कर रही है। इसके लिए अनुभवी नौसैनिक पायलटों के साथ-साथ युवाओं की सीधी भर्ती और प्रशिक्षण पर भी जोर दिया जा रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह बदलाव भारत के लिए इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि चीन की समुद्री शक्ति का विस्तार हिंद महासागर तक पहुंचने की उसकी क्षमता को प्रभावित कर सकता है। चीन का ‘डबल ट्रैक’ मॉडल क्या है? पहले चीन विमानवाहक पोतों के लिए मुख्य रूप से अनुभवी नौसैनिक पायलटों को प्रशिक्षित करता था। अब उसने इसके साथ युवाओं की सीधी भर्ती का रास्ता भी खोल दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2019 से चीन कैरियर एविएशन के लिए युवाओं को सीधे चुनने और प्रशिक्षित करने पर काम कर रहा है। इस मॉडल में अनुभवी पायलटों के अनुभव और नए पायलटों की लंबी अवधि की ट्रेनिंग को एक साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। भर्ती का दायरा भी बढ़ाया गया है। हाईस्कूल पास युवाओं के अलावा नौसैनिक एविएशन स्कूलों के छात्र, विज्ञान और इंजीनियरिंग के स्नातक तथा सैन्य और नागरिक क्षेत्र से आने वाले उम्मीदवारों को भी इसमें शामिल किया जा रहा है। चीन ने महिला कैरियर पायलटों के प्रशिक्षण की दिशा में भी कदम बढ़ाए हैं। सिर्फ विमानवाहक पोत बढ़ाना काफी नहीं विमानवाहक पोत की ताकत सिर्फ उसके आकार या उस पर तैनात लड़ाकू विमानों की संख्या से तय नहीं होती। लंबे समय तक ऑपरेशन जारी रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पायलट, प्रशिक्षित तकनीकी कर्मचारी, प्रशिक्षक और रिजर्व स्टाफ की आवश्यकता होती है। हर पायलट लगातार उड़ान नहीं भर सकता। उसे प्रशिक्षण, आराम और ड्यूटी रोटेशन की जरूरत होती है। इसके अलावा अलग-अलग विमानों के लिए अलग विशेषज्ञता की आवश्यकता होती है। यही वजह है कि चीन अब अपने विमानवाहक पोत कार्यक्रम के साथ मानव संसाधन तैयार करने पर भी जोर दे रहा है। चीन के सामने अपनी चुनौतियां भी हैं चीन के लिए बड़ी संख्या में पायलट तैयार करना आसान नहीं होगा। कैरियर ऑपरेशन के लिए केवल सामान्य उड़ान प्रशिक्षण पर्याप्त नहीं है। पायलटों को विमानवाहक पोत से टेक-ऑफ और लैंडिंग जैसी जटिल परिस्थितियों में लगातार अभ्यास की जरूरत होती है। इसके लिए सिम्युलेटर, प्रशिक्षण विमान, जमीन पर अभ्यास की सुविधाएं और वास्तविक विमानवाहक पोत पर पर्याप्त प्रशिक्षण अवसर जरूरी हैं। इसके अलावा चीन को कामकाजी उम्र की आबादी में कमी और तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं के लिए नागरिक विमानन तथा निजी तकनीकी कंपनियों से प्रतिस्पर्धा जैसी चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है। भारत के लिए क्यों महत्वपूर्ण है चीन का यह कदम? भारत के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि चीन केवल जहाजों की संख्या बढ़ाने पर निर्भर नहीं है। वह ऐसी पूरी व्यवस्था विकसित करने की कोशिश कर रहा है, जिससे उसके विमानवाहक पोत लंबे समय तक और दूर समुद्री क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से काम कर सकें। यदि चीनी विमानवाहक पोत पश्चिमी प्रशांत से आगे हिंद महासागर की दिशा में सक्रिय होते हैं, तो उनके साथ पायलट, तकनीकी कर्मचारी, कमांड संरचना और मजबूत लॉजिस्टिक नेटवर्क भी जरूरी होगा। इसलिए भारत के लिए चीन की चुनौती का आकलन केवल यह देखकर करना पर्याप्त नहीं होगा कि उसके पास कितने युद्धपोत या विमानवाहक पोत हैं। भारत के सामने क्या चुनौती है? भारतीय नौसेना के पास विमानवाहक पोत संचालन का लंबा अनुभव है। लेकिन बदलती समुद्री रणनीति में केवल पुराने अनुभव के भरोसे रहना पर्याप्त नहीं होगा। भारत को पर्याप्त संख्या में कैरियर पायलट, प्रशिक्षक और तकनीकी विशेषज्ञ तैयार करने होंगे। इसके साथ प्रशिक्षण सुविधाओं, सिम्युलेटर और नियमित उड़ान अभ्यास को भी मजबूत करना होगा। एक महत्वपूर्ण चुनौती कैरियर एविएशन के लिए विशेष प्रशिक्षण व्यवस्था की कमी और विमानवाहक पोतों पर इस्तेमाल होने वाले लड़ाकू विमानों की संख्या तथा उपलब्धता से भी जुड़ी है। असली मुकाबला मानव संसाधन और अनुभव का हिंद महासागर में भविष्य की नौसैनिक प्रतिस्पर्धा केवल जहाजों की दौड़ नहीं होगी। असली बढ़त उस देश को मिलेगी जिसके पास बेहतर प्रशिक्षित पायलट, तकनीकी विशेषज्ञ, मजबूत लॉजिस्टिक्स और वास्तविक ऑपरेशन का अनुभव होगा। चीन ने इस दिशा में लंबे समय की तैयारी शुरू कर दी है। भारत के लिए संदेश साफ है—विमानवाहक पोत खरीदे या बनाए जा सकते हैं, लेकिन उन्हें प्रभावी युद्धक क्षमता में बदलने वाली मानव क्षमता तैयार करने में वर्षों लगते हैं।
नई दिल्ली, एजेंसियां। रेलवे स्टेशनों पर पेयजल की गुणवत्ता को लेकर CAG की रिपोर्ट सामने आने के बाद रेल मंत्रालय ने तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक के बाद देशभर में करीब 20,000 स्थानों पर नया ‘Tank to Tap’ वॉटर फिल्ट्रेशन सिस्टम लगाने का फैसला किया गया है। इसमें वाटर कूलर के साथ व्यापक फिल्ट्रेशन और मॉनिटरिंग व्यवस्था भी शामिल होगी। पानी की गुणवत्ता की होगी नियमित जांच रेलवे ने अब पानी की जांच को अधिक सख्त करने का फैसला किया है। पानी के स्रोत और अंतिम आउटलेट, दोनों जगह नियमित गुणवत्ता परीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा स्टेशनों की जल गुणवत्ता की निगरानी रेलवे बोर्ड स्तर पर की जाएगी और जांच से जुड़ी रिपोर्ट समय-समय पर सार्वजनिक करने की बात कही गई है। पुराने पानी के टैंक भी बदले जाएंगे फिल्ट्रेशन सिस्टम लगाने के साथ रेलवे ने पुराने और खराब पानी के टैंकों को बदलने का भी निर्देश दिया है। स्टोरेज टैंकों की निर्धारित अंतराल पर सफाई और रखरखाव अनिवार्य किया जाएगा, ताकि फिल्टर किए गए पानी के बाद भंडारण के दौरान दोबारा संक्रमण का खतरा कम किया जा सके। CAG ने पेयजल व्यवस्था पर उठाए थे सवाल CAG की ‘Passenger Amenities and Sanitation at Non-Suburban Railway Stations’ रिपोर्ट में रेलवे स्टेशनों पर पेयजल और अन्य यात्री सुविधाओं में गंभीर कमियां सामने आई थीं। ऑडिट में आठ स्टेशनों के वाटर कूलर के पानी के नमूनों में E. coli पाया गया था। रिपोर्ट में पानी की नियमित जांच, टैंकों के रखरखाव और निगरानी में भी कमियां दर्ज की गईं। CAG के ऑडिट में 512 स्टेशनों की यात्री सुविधाओं की जांच की गई थी, जिनमें 458 स्टेशनों पर कम से कम एक आवश्यक यात्री सुविधा में कमी पाई गई। इसके बाद रेलवे ने पेयजल को प्राथमिकता वाला क्षेत्र बताते हुए सुधार की प्रक्रिया तेज की है। रेलवे बोर्ड स्तर पर होगी निगरानी रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षित पेयजल व्यवस्था की निगरानी अब केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रहेगी। रेलवे बोर्ड स्तर पर प्रगति और पानी की गुणवत्ता की निगरानी की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई CAG की सभी प्रमुख टिप्पणियों को दूर करने और यात्रियों के समग्र अनुभव को बेहतर बनाने की व्यापक योजना का हिस्सा है।
मेष राशि : चू, चे, चो, ल, ली, लू, ले, लो,अ।आपकी ऊँची बौद्धिक क्षमताएँ आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। सिर्फ़ सकारात्मक विचारों के ज़रिए इन समस्याओं से निजात पायी जा सकती है। आज आप आसानी से पैसे इकट्ठा कर सकते हैं- लोगों को दिए पुराने कर्ज़ वापिस मिल सकते हैं- या फिर किसी नयी परियोजना पर लगाने के लिए धन अर्जित कर सकते हैं। आज आप जिस सामाजिक कार्यक्रम में जाएंगे, वहाँ आप सबके ध्यान का केन्द्र होंगे। आपकी थकी और उदास ज़िन्दगी आपके जीवन-साथी को तनाव दे सकती है। संतोषजनक परिणाम पाने के लिए काम को योजनाबद्ध तरीक़े से करें, दफ़्तर की परेशानियों को हल करने में आपको मानसिक तनाव का सामना करना पड़ सकता है। आज जीवनसाथी के साथ समय बिताने के लिए आपके पास पर्याप्त समय होगा। आपके प्रेम को देखकर आज आपका प्रेमी गदगद हो जाएगा। जीवनसाथी का बर्ताव आपके पेशेवर रिश्तों पर ग़लत असर डाल सकता है। उपाय :- प्रेम सम्बन्धों को अच्छा करने के लिए तांबे या सोने का कड़ा धारण करें। वृषभ राशि : इ, उ, ए, ओ, ब, बी ,बू, बे ,बो।अपने जीवन को चिर-स्थायी न मानें और जीवन के प्रति सजगता को अपनाएँ। व्यापाार में मुनाफा आज कई व्यापारियों के चेहरे पर खुशी ला सकता है। घर के माहौल की वजह से आप उदास हो सकते हैं। आपको आज ही अपने प्रिय को दिल की बात बताने की ज़रूरत है, क्योंकि कल बहुत देर हो जाएगी। दफ़्तर में कोई आपकी योजनाओं में अड़ंगा लगा सकता है- इसलिए आँखें खोलकर रखिए और अपने चारों तरफ़ हो रही गतिविधियों के प्रति सजग रहिए। यात्रा के दौरान आप नयी जगहों को जानेंगे और महत्वपूर्ण लोगों से मुलाक़ात होगी। आपके जीवनसाथी का मिज़ाज आज बढ़िया है। आपको कोई सरप्राइज़ मिल सकता है। उपाय :- गाय को जौ खिलाने से पारिवारिक जीवन में खुशियाँ आएँगी। मिथुन राशि : का,की , कु, घ, ङ ,छ, के, को, ह।आपका मनमौजी बर्ताव सेहत के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है। आज धन लाभ होने की संभावना तो बन रही है लेकिन ऐसा हो सकता है कि अपने गुस्सैल स्वभाव के कारण आप पैसा कमाने में सक्षम न हो पाएं। घरेलू ज़िंदगी सुकूनभरी और ख़ुशनुमा रहेगी। कोई पौधा लगाएँ। काम में धीमी प्रगति हल्का-सा मानसिक तनाव दे सकती है। कर्म-काण्ड/हवन/पूजा-पाठ आदि का आयोजन घर मे होगा। ख़राब मिज़ाज के चलते आप महसूस कर सकते हैं कि आपका जीवनसाथी आपको बेवजह तंग कर रहा है। उपाय :- केसर लगी पीली मिठाई, केसरी हलवा खुद भी खाएं और गरीबों में भी बाँटने से स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। कर्क राशि : ही, हू, हे, हो, डा, डी ,डू, डे,डो।आज आपके पास प्रचुर ऊर्जा होगी- लेकिन काम का बोझ आपकी खीज की वजह बन सकता है। आज के दिन आपको धन लाभ होने की पूरी संभावना है लेकिन इसके साथ ही आपको दान-पुण्य भी करना चाहिए क्योंकि इससे आपको मानसिक शांति मिलेगी। मुश्किल दौर में आपकी जिन रिश्तेदारों ने मदद की है, उनके लिए अपनी कृतज्ञता को व्यक्त करें। आपका यह छोटा-सा काम उनके उत्साह को बढ़ाएगा। कृतज्ञता जीवन की सुगंध को फैलाती है और अहसान-फ़रामोशी इसे तार-तार कर देती है। रोमांस का मौसम है। लेकिन अपने जज़्बात क़ाबू में रखें, नहीं तो रिश्ते में खटास पैदा हो सकती है। आज आपकी कड़ी मेहनत कार्यक्षेत्र में ज़रूर रंग दिखाएगी। सफ़र के लिए दिन ज़्यादा अच्छा नहीं है। आपका जीवनसाथी रोज़ाना की ज़रूरतों को पूरा करने से अपने हाथ पीछे खींच सकता है, जिसके चलते आपका मन उदास होने की संभावना है। उपाय :- सफेद बतखों का आर्टिफिशियल जोड़ा अपने प्रेमी/प्रेमिका को भेंट में देने से लव लाइफ अच्छी रहेगी। सिंह राशि : मा, मी, मू, में, म़ो, ट, टी, टू, टे।आपको लंबे समय से महसूस हो रही थकान और तनाव से आराम मिलेगा। इन परेशानियों से स्थायी निजात पाने के लिए जीवन-शैली में बदलाव लाने का सही समय है। अपने जीवनसाथी के साथ मिलकर आज आप भविष्य के लिए कोई आर्थिक योजना बना सकते हैं और उम्मीद है कि यह योजना सफल भी होगी। दोस्तों के साथ कुछ करते वक़्त अपने हितों को अनदेखा न करें – हो सकता है कि वे आपकी ज़रूरतों को ज़्यादा गंभीरता से न लें। प्रेम भगवान की पूजा की ही तरह पवित्र है। यह आपको सच्चे अर्थों में धर्म व आध्यात्मिकता की ओर भी ले जा सकता है। ट्रेड शो और सेमिनार आदि में भागीदारी आपके व्यावसायिक सम्पर्कों में सुधार लाएगी। इस राशि के जातक खाली वक्त में आज किसी समस्या का समाधान निकालने की कोशिश कर सकते हैं। आज आप महसूस करेंगे कि शादी का बंधन वाक़ई स्वर्ग में बनाया जाता है। उपाय :- शराब का पूर्णतः त्याग करने से पारिवारिक जीवन अच्छा रहेगा। कन्या राशि : टो,पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, प़ो।दोस्तों के साथ शाम सुखद रहेगी लेकिन ज़्यादा खाने और मदिरापान से बचें। दिन चढ़ने पर वित्तीय तौर पर सुधार आएगा। घरेलू ज़िंदगी सुकूनभरी और ख़ुशनुमा रहेगी। रोमांस के लिहाज़ से रोमांचक दिन है। शाम के लिए कोई ख़ास योजना बनाएँ और जितना हो सके, इसे उतना रुमानी बनाने की कोशिश करें। आपकी अन्दरूरनी ताक़त कार्यक्षेत्र में दिन को बेहतर बनाने में मददगार साबित होगी। आपने बीते दिनों कार्यक्षेत्र में कई काम अधूरे छोड़े हैं जिसका भुगतान आज आपको करना पड़ सकता है। आज आपका खाली वक्त भी ऑफिस के काम को पूरा करने में ही लगेगा। आज आप एक बार फिर समय में पीछे जाकर शादी के शुरुआती दिनों के प्यार और रुमानियत को महसूस कर सकते हैं। उपाय :- भैरव जी की पूजा करने से स्वास्थ्य लाभ होगा। तुला राशि : रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते।आपको लंबे समय से महसूस हो रही थकान और तनाव से आराम मिलेगा। इन परेशानियों से स्थायी निजात पाने के लिए जीवन-शैली में बदलाव लाने का सही समय है। धन आपके लिए जरुरी है लेकिन धन को लेकर इतने संजीदा न हो जाएं कि अपने रिश्तों को ही खराब कर दें। अपनी महत्वाकांक्षाओं को ऐसे बड़ों के साथ बांटें, जो आपकी सहायता कर सकते हैं। गर्लफ़्रेंड/बॉयफ़्रेंड के साथ अभद्र व्यवहार न करें। अगर आप सही लोगों से संपर्क और लेन-देन करेंगे, तो आप अपने करियर में तरक़्क़ी कर सकते हैं। बिना किसी को अवगत कराए ही आज आपके घर में किसी दूर के रिश्तेदार की एंट्री हो सकती है जिसके कारण आपका समय खराब हो सकता है। मुमकिन है कि वैवाहिक जीवन में ठहराव से तंग आकर आपका जीवनसाथी आपके ऊपर फूट पड़े। उपाय :- प्रेमी/प्रेमिका को लाल या नारंगी कोई भी वस्तु गिफ्ट करने से आपकी लव लाइफ बढ़िया चलेगी। वृश्चिक राशि : तो,न, नी, नू, ने, नो, या, यी , यु।अपने आप पर एक सीमा के बाद दबाव न डालें और पर्याप्त आराम लें। आज आप अपने घर केे सदस्यों को कहीं घुमाने ले जा सकते हैं और आपका काफी धन खर्च हो सकता है। बढ़िया दिन है जब आप सबके ध्यान को अपनी तरफ़ खींचेंगे- आपके सामने चुनने के लिए कई चीज़ें होंगी और आपके सामने समस्या यह होगी कि किसे पहले चुना जाए। आज आपकी मुस्कान बेमानी है, हँसी में वो खनक नहीं है, दिल धड़कने में आनाकानी कर रहा है; क्योंकि आप किसी ख़ास के साथ की कमी महसूस कर रहे हैं। आज का दिन समझ-बूझ के क़दम उठाने का है, इसलिए तब तक अपने विचार व्यक्त न करें जब तक आप उनकी सफलता के लिए आश्वस्त न हों। जो लोग बीते कुछ दिनों से काफी व्यस्त थे उन्हें आज अपने लिए फुर्सत के पल मिल सकते हैं। आपका जीवनसाथी आपसे नाराज़ हो सकता है, क्योंकि आप उनसे कोई बात साझा करना भूल गए थे। उपाय :- नौकरी व बिज़नेस में उन्नति के लिए फटे घिसे फीके पड़ चुके कपड़े, टूटे जूते, रद्दी सामान इकट्ठा न होने दें। धनु राशि : ये,यो, भा, भी,, भू, ध,फ, ढ़, भे।अपने आप पर एक सीमा के बाद दबाव न डालें और पर्याप्त आराम लें। आपके मन में जल्दी पैसे कमाने की तीव्र इच्छा पैसा होगी। आज हर कोई आपसे दोस्ती करना चाहता है और आप उनकी ये इच्छा पूरी करने में ख़ुशी महसूस करेंगे। आपको आज ही अपने प्रिय को दिल की बात बताने की ज़रूरत है, क्योंकि कल बहुत देर हो जाएगी। व्यावसायिक मीटिंग के दौरान भावुक और बड़बोले न हों- अगर आप अपनी ज़बान पर क़ाबू नहीं रखेंगे तो आप आसानी से अपनी प्रतिष्ठा धूमिल कर सकते हैं। कुछ लोगों के लिए आकस्मिक यात्रा दौड़-भाग भरी और तनावपूर्ण रहेगी। कोई पुराना दोस्त अपने साथ आपके जीवनसाथी के पुराने यादगार क़िस्से लेकर आ सकता है। उपाय :- रेवड़ी, तिल और शक्कर बहते जल में प्रवाहित करना नौकरी/बिज़नेस के लिए फायदेमंद रहेगा। मकर राशि : भो,ज, जी,जू,जे जो, खी,खू, खे, खो, गा, गी।हृदय-रोगियों के लिए कॉफ़ी छोड़ने का सही समय है। अब इसका ज़रा भी इस्तेमाल दिल पर अतिरिक्त दबाव डालेगा। जो व्यापारी अपने कारोबार के सिलसिले में घर से बाहर जा रहे हैं वो अपने धन को आज बहुत संभालकर रखें। धन चोरी होने की संभावना है। आप अपनी परेशानियों को भूलकर परिवार के साथ अच्छा समय बिताएंगे। रोमांस के लिए बढ़ाए गए क़दम असर नहीं दिखाएंगे। आपके आत्मविश्वास में वृद्धि हो रहा है और तरक़्की साफ़ नज़र आ रही है। जो लोग बीते कुछ दिनों से काफी व्यस्त थे उन्हें आज अपने लिए फुर्सत के पल मिल सकते हैं। कोई रिश्तेदार अचानक आपके घर आ सकता है, जिसके चलते आपकी योजनाएँ गड़बड़ा सकती हैं। उपाय :- सेहत दुरुस्त रखनी हो तो सूर्य स्नान (नहाने के पानी में गेहूँ, साबुत मसूर, लाल सिंदूर डालकर) करें। कुम्भ राशि : गू, गे, गो, सा, सि, सू, से, सो, द।स्वास्थ्य के लिहाज़ से बहुत अच्छा दिन है। आपकी ख़ुशमिज़ाजी ही आपके आत्मविश्वास में बढ़ोतरी करेगी। अगर आप लम्बे वक़्त के लिए निवेश करें, तो अच्छा-ख़ासा फ़ायदा हासिल कर सकते हैं। शाम के समय अपने जीवनसाथी के साथ बाहर खाना या फ़िल्म देखना आपको सुकून देगा और ख़ुशमिज़ाज बनाए रखेगा। कुछ लोगों के लिए जल्द ही शादी की शहनाई बज सकती है, जबकि दूसरे ज़िन्दगी में नए रोमांस का अनुभव करेंगे। इस राशि के जातकों को कार्यक्षेत्र में आवश्यकता से अधिक बोलने से बचना चाहिए नहीं तो आपकी छवि पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है। इस राशि के कारोबारियों को किसी पुराने निवेश की वजह से आज घाटा होने की संभावना है। आज आप अपना खाली समय अपनी माता की सेवा में बिताना चाहेंगे लेकिन ऐन मौके पर किसी काम के आ जाने की वजह से ऐसा नहीं हो पाएगा। इससे आपको परेशानी होगी। आपका जीवनसाथी बिना जाने कुछ ऐसा ख़ास काम कर सकता है, जिसे आप कभी भुला नहीं पाएंगे। उपाय :- नौकरी/बिज़नेस में लाभ हेतु अपने जूतों के तलों में तांबे की सात-सात कील लगवाएं। मीन राशि: दी, दु, थ, झ, ञ, दे, दो, च, ची।सामाजिक मेलजोल से ज़्यादा सेहत को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। आज किसी करीबी से आपका झगड़ा हो सकता है और बात कोर्ट कचहरी तक जा सकती है। जिसकी वजह से आपका अच्छा खास धन खर्च हो सकता है। अपने परिवार की भलाई के लिए मेहनत करें। आपके कामों के पीछे प्यार और दूरदृष्टि की भावना होनी चाहिए, न कि लालच का ज़हर। अगर आप खुले दिल से अपनी बात रखें, तो आपकी मोहब्बत आज आपके सामने प्यार के फ़रिश्ते के रूप में आएगी। आपकी लगन और आत्मविश्वास का स्तर ऊँचा होगा और आप उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करेंगे। जिन लोगों के घर वाले शिकायत करते हैं कि वो घरवालों को पर्याप्त समय नहीं देते वो आज घरवालों को समय देने के बारे में सोच सकते हैं लेकिन ऐन वक्त पर किसी काम के आने की वजह से ऐसा नहीं हो पाएगा। आप महसूस करेंगे कि आपके जीवनसाथी में शहद से भी ज़्यादा मिठास है। उपाय :- अच्छी आर्थिक स्थिति के लिए गंगाजल को नहाने वाले पानी में मिलाकर स्नान करें। कृपया ध्यान दें यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए IDTV इंद्रधनुष उत्तरदायी नहीं हैं।